डबल मर्डर केस में पूर्व MLC कमलेश पाठक को उम्रकैद, 6 साल बाद आया फैसला; जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के औरैया डबल मर्डर केस में पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है. 2020 में पंचमुखी हनुमान मंदिर की जमीन विवाद में वकील मंजुल चौबे और सुधा चौबे की हत्या हुई थी. 6 साल और 900 तारीखों के बाद कोर्ट ने कमलेश पाठक समेत 10 आरोपियों को दोषी ठहराया, सभी को उम्रकैद और 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया.

पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक को कोर्ट ले जाती पुलिस

उत्तर प्रदेश के औरैया के डबल मर्डर केस में सपा नेता और पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक को उम्रकैद हुई है. केस डायरी के मुताबिक कमलेश पाठक ओर उनके साथियों ने पंचमुखी हनुमान मंदिर की जमीन के विवाद में एक वकील मंजुल चौबे और उसकी चचेरी बहन सुधा चौबे की दिनदहाड़े हत्या की थी. मंदिर परिसर में हुई इस वारदात को लेकर पूरे जिले में हड़कंप मच गया था. पुलिस ने इस मामले में कमलेश पाठक समेत कुल 10 लोगों को आरोपी बनाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज किया था.

करीब छह साल तक चली अदालती कार्रवाई में दोष साबित होने के बाद औरैया की जिला अदालत की एमपी एमएलए कोर्ट ने इन सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई है. साथ ही इन सभी पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. इस मामले की अंतिम सुनवाई के लिए सपा के पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक को आगरा जेल से कोर्ट में लाया गया था, वहीं सजा के बाद वापस उन्हें आगरा जेल भेज दिया गया है.

क्या है मामला?

जानकारी के मुताबिक पंचमुखी हनुमान मंदिर की जमीन को लेकर विवाद चल रहा था. इसी विवाद में 15 मार्च 2020 को कमलेश पाठक अपने परिजनों एवं साथियों के साथ पंचमुखी मंदिर पहुंचे. वहां मंदिर परिसर में मौजूद वकील मंजुल चौबे और उनकी चचेरी बहन सुधा चौबे के साथ इनकी बहस हुई. इसी दौरान इन लोगों ने गोली मारकर इन दोनों की हत्या कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. वहीं परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया था.

900 तारीख, 72 गवाह

यह मुकदमा करीब छह साल पांच महीने तक चला है. इसमें 900 तारीखें पड़ीं, 72 गवाहों की गवाही हुई. इसके बाद मंगलवार को अदालत अपने नतीजे पर पहुंची. सभी पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने सभी 10 आरोपियों को दोषी माना और उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई है. इस मामले में एक आरोपी नाबालिग था, इसलिए उसका मामला किशोर न्याय बोर्ड को ट्रांसफर कर दिया गया है.

Follow Us