गाजियाबाद में सफाई मित्रों की बल्ले-बल्ले! वेतन 2900 रुपये बढ़ा, आउटसोर्स ड्राइवरों को भी फायदा
गाजियाबाद नगर निगम ने आउटसोर्स सफाई मित्रों और ड्राइवरों का वेतन बढ़ाया है. आउटसोर्स सफाई मित्रों को हर महीने अब 2900 रुपये ज्यादा मिलेंगे. वहीं, 2000 से अधिक ड्राइवरों के वेतन में कुल 3300 की बढ़ोतरी हुई है. वेतन के अलावा, इसमें PF/ESI सुविधाएं भी शामिल हैं.
गाजियाबाद नगर निगम ने शहर की सफाई व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाले आउटसोर्स सफाई मित्रों को बड़ी राहत दी है. नगर निगम ने करीब 1800 सफाई मित्रों के वेतन में लगभग 2900 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की है. अब इन कर्मचारियों का वेतन करीब 11,700 रुपये से बढ़कर 14,600 रुपये हो गया है. आउटसोर्स ड्राइवरों की भी सैलरी बढ़ी है.
अधिकारियों ने बताया कि सफाई मित्रों को बढ़ा हुआ वेतन उनका हक है और उन्हें इसका लाभ दिया जाएगा. नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने सफाई मित्रों की मेहनत की सराहना की. इस दौरान सफाई मित्रों ने अधिकारियों का आभार जताया. नगर आयुक्त ने फूलों की माला पहनाकर सम्मानित भी किया.
2000 आउटसोर्स ड्राइवरों की भी बढ़ी सैलरी
नगर निगम ने केवल सफाई मित्रों को ही राहत नहीं दी है, बल्कि करीब 2000 आउटसोर्स ड्राइवरों के वेतन में भी बढ़ोतरी की गई है. ड्राइवरों का वेतन 13,600 रुपये से बढ़ाकर 16,900 रुपये किया गया है. इसके अलावा उन्हें PF और ESI जैसी सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा.
100 वार्डों में सफाई व्यवस्था संभालते हैं कर्मचारी
गाजियाबाद नगर निगम में कुल 100 वार्ड हैं. इन सभी वार्डों में महिला और पुरुष सफाई मित्र रोजाना शहर की स्वच्छता व्यवस्था संभालते हैं. मुख्य मार्गों से लेकर आंतरिक गलियों तक सफाई का काम किया जाता है. नगर निगम का कहना है कि सफाई मित्रों की मेहनत से शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल रही है.
मेहनत से काम करने वाले को मिलेगा पुरस्कार
नगर आयुक्त ने कहा कि बेहतर और मेहनत से काम करने वाले सफाई मित्रों को भविष्य में अलग से पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया जाएगा. इस मौके पर स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के महानगर अध्यक्ष शक्ति जीनवाल और उनकी टीम भी मौजूद रही. उन्होंने वेतन बढ़ोतरी के लिए नगर आयुक्त और निगम अधिकारियों का आभार जताया.
