औरैया में गेल के सीनियर मैनेजर की संदिग्ध मौत, सरकारी आवास में मिला शव
औरैया स्थित गेल इंडिया कॉलोनी में एक सीनियर मैनेजर अपने कमरे में मृत पाए गए. इस संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया. शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है.
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद स्थित दिबियापुर की गेल बिहार कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब गेल इंडिया में कार्यरत एक सीनियर मैनेजर अपने सरकारी आवास में मृत अवस्था में पाए गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है.
पुलिस के मुताबिक, थाना दिबियापुर क्षेत्र स्थित गेल बिहार कॉलोनी में रहने वाले राव पी. रेड्डी अपने आवास में मृत पाए गए. वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश के निवासी थे और गेल इंडिया के इलेक्ट्रिकल विभाग में सीनियर मैनेजर के पद पर तैनात थे. स्थानीय पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया.
शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में मौत के कारणों का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिल सका है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पुलिस के अनुसार, शव तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है. आसपास के लोगों को बदबू का अहसास हुआ, तो मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा.
गेल कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. मामले की जांच की जा रही है. जल्द मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा. वहीं, इस घटना के बाद गेल कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाएगी.