UP MLC Election: 11 सीटें, 152 उम्मीदवार और 14.81 लाख वोटर… विधान परिषद चुनाव में आज वोटों की जंग
यूपी विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान जारी है, जिसमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान है. 72 जिलों में 2,697 मतदान केंद्रों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जा रहे हैं.
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए मतदान जारी है. पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में हो रहे इस चुनाव में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच मुख्य मुकाबला है. चुनाव में 14.81 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे. मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा.
विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंकी थी. बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री योगी से लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मतदाताओं को साधने की कोशिश की. जबकि सपा के प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी टीम भी बेहतर तैयारियां की हैं. अब मतदान के जरिए फैसला होगा. चुनाव में कुल 152 उम्मीदवार मैदान में हैं.
5 स्नातक और 6 शिक्षक सीटों पर मुकाबला
विधान परिषद की पांच स्नातक सीटों में लखनऊ, आगरा, मेरठ, इलाहाबाद-झांसी और वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वहीं, छह शिक्षक सीटों में लखनऊ, आगरा, मेरठ, वाराणसी, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
लखनऊ स्नातक सीट पर बीजेपी के अवनीश कुमार सिंह का मुकाबला सपा की उम्मीदवार कांति सिंह से हैं. आगरा क्षेत्र स्नातक सीट से बीजेपी के डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और सपा से शशांक यादव (सीटू) मैदान में हैं. मेरठ सीट पर बीजेपी से दिनेश गोयल और सपा से प्रमेंद्र सिंह भाटी (एडवोकेट) प्रत्याशी हैं. इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र सीट पर बीजेपी के अशोक कुमार राठौर का सपा की मान सिंह यादव से टक्कर है. वहीं, वाराणसी सीट पर बीजेपी से केदार नाथ सिंह और सपा से आशुतोष सिन्हा हैं.
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 6 सीटों पर किसमें जंग
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 6 सीटों में लखनऊ सीट पर बीजेपी ने उमेश द्विवेदी और सपा से सुशील कुमार को उम्मीदवार बनाया है. आगरा सीट पर बीजेपी के हरि किशोर तिवारी और सपा के आकाश अग्रवाल मैदान में हैं. मेरठ सीट पर बीजेपी के श्रीचंद्र शर्मा और सपा के नितिन कुमार तोमर में मुकाबला होना है. वाराणसी में बीजेपी के डॉ. प्रमोद मिश्रा और सपा के लाल बिहारी यादव में फैसला होगा.
गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र शिक्षक सीट से बीजेपी से ध्रुव त्रिपाठी और सपा से डॉ. संजयन त्रिपाठी उम्मीदवार हैं. वहीं, बरेली-मुरादाबाद क्षेत्र के अतंर्गत नौ जिलों के शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. चुनाव में कुल 17 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि प्रमुख मुकाबला डॉ. हरि सिंह ढिल्लो और दानिश के बीच बताया जा रहा है.