औरैया में पूर्व सपा MLC कमलेश पाठक, मयंक दुबे समेत कई गिरोहों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई

औरैया पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत संगठित अपराधों पर बड़ी कार्रवाई की है. पूर्व सपा एमएलसी कमलेश पाठक, मयंक दुबे, रमाकांत चिकवा और मनोज दोहरे गैंग सहित कई गिरोहों पर शिकंजा कसा गया है. पुलिस की इस कार्रवाई पर शहर के अपराधियों में हड़कंप मच गया है.

पूर्व सपा MLC कमलेश पाठक (फाइल फोटो)

औरैया में संगठित अपराधों और गिरोहों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानों में गैंगस्टर एक्ट के तहत अभियान चलाया गया. इसमें पूर्व सपा एमएलसी कमलेश पाठक, मयंक दुबे, रमाकांत चिकवा और मनोज दोहरे सहित कई गिरोहों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है.

पुलिस की इस कार्रवाई पर अपराधियों में हड़कंप मच गया है. 2025-26 में कई संगठित गिरोहों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कोतवाली पुलिस ने कमलेश पाठक गैंग के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है. पूर्व सपा एमएलसी, पहले से दोहरे हत्याकांड में आगरा जेल में बंद हैं.

कमलेश पाठक गैंग के सदस्य की तलाश में जुटी पुलिस

पूर्व सपा एमएलसी कमलेश पाठक पुत्र स्व रामौतार निवासी ग्राम भडारीपुर थाना कोतवाली औरैया, को गैंगस्टर एक्ट के तहत कोर्ट ने 24 मार्च 2026 को 6 साल की सजा सुनाई थी, वह अभी जेल में बंद हैं. पुलिस के मुताबिक, कमलेश पाठक ने अपना एक गैंग बना रखा है, जिसका वह मुखिया है, जो जेल के अंदर से ही अपने गैंग के सदस्यों से अपराध कराते हैं.

पुलिस के मुताबिक, कमलेश पाठक गैंग के सक्रिय सदस्य अब्दुल सत्तार के माध्यम से हत्या, बलवा, डकैती, रंगदारी जैसे अपराध के अंजाम देता है. पुलिस ने अब गैंग के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है. कमलेश पाठक पहले से सेंट्रल जेल आगरा में है. अब पुलिस आरोपी अब्दुल सत्तार की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है.

मयंक दुबे, रमाकांत चिकवा और मनोज दोहरे गैंग पर शिकंजा

दूसरी कार्रवाई में मयंक दुबे गैंग पर शिकंजा कसा गया है. यह गिरोह युवाओं को गुमराह कर अपने साथ जोड़ता था और छोटी-छोटी बातों पर हथियारों के बल पर हमला, धमकी और तोड़फोड़ जैसी घटनाओं को अंजाम देता था. पुलिस ने इस गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

वहीं अजीतमल थाना क्षेत्र में रमाकांत चिकवा गैंग के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की गई है. यह गिरोह घरों के बाहर से बकरियां और अन्य सामान चोरी करने में सक्रिय था. इसके अलावा एरवाकटरा थाना पुलिस ने मनोज दोहरे गैंग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. यह गिरोह गोवंश की तस्करी कर उन्हें क्रूरता के साथ अन्य राज्यों में बेचने का काम करता था.

Follow Us