साधु वेष में एक्टिव हुए टप्पेबाज, औरैया में 2 अरेस्ट; हैरान कर देगा खुलासा
उत्तर प्रदेश के औरैया में साधु वेष में टप्पेबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो भोले-भाले ग्रामीणों और महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके कीमती आभूषण झपट लेते थे. यह गिरोह कई जिलों में दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुका था. पुलिस अब इनके अन्य साथियों की तलाश में है.
आपने रावण की वो कहानी तो पढ़ी ही होगी कि साधु वेष में माता सीता का हरण किया था. ठीक उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश के औरैया में साधु वेष में ठगों का एक गिरोह सक्रिय है. इस गिरोह के बदमाश ग्रामीण और भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम देते हैं. औरैया पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर ऐसे ही दो बदमाशों को अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक ये बदमाश भिक्षा मांगने के बहाने गांव में जाते हैं और महिलाओं व ग्रामीणों को अपनी बातों में उलझाकर उनके जेवर एवं कीमती सामान झपटकर फरार हो जाते हैं.
पुलिस ने पकड़े गए इन बदमाशों के पास से पीली धातु के आभूषण, ताबीज, मूर्तियां और रुद्राक्ष समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया है. मामला औरैया के सहायल थाना क्षेत्र का है, जहां 16 अगस्त को ग्राम बर्रू फफूंद निवासी सुधा पत्नी शैलेन्द्र राठौर ने पुलिस में तहरीर दी थी. बताया था कि साधु के भेष में आए दो लोगों ने उन्हें अपनी बातों में उलझाकर उनके कानों के टॉप्स छलपूर्वक ले लिए और मौके से फरार हो गए. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर इनकी तलाश शुरू की थी.
रेलवे स्टेशन के पास से पकड़े गए बदमाश
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त की शाम मुखबिर से इन बदमाशों की लोकेशन मिली थी. इसमें बताया गया था कि ये बदमाश थाना दिबियापुर क्षेत्र में रेलवे स्टेशन से आगे बिजलीघर के पास मौजूद हैं. इस इनपुट पर पुलिस ने घेराबंदी कर इन दोनों बदमाशों को धर दबोचा है. इन बदमाशों की पहचान फिरोज पुत्र काशी और टमाटर पुत्र कुट्टी निवासी निगतपुर जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है. पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने वारदात का तरीका बताया है. अब पुलिस इनके साथियों की पहचान और धरपकड़ में जुट गई है.
दर्जनों वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
पुलिस के मुताबिक इन बदमाशों ने औरैया में ही दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. इसके अलावा इन बदमाशों ने अन्य जिलों में भी इस प्रकार की वारदातों को अंजाम दिया है. पुलिस की पूछताछ में इन बदमाशों ने बताया कि जब भी पुलिस में शिकायतें बढ़ती और पुलिस एक्टिव होती थी, वो लोग इलाका बदल देते थे. इस प्रकार इन बदमाशों ने अब तक कई दर्जन वारदातों को अंजाम दिया है. आरोपी लूट की रकम को बाजार में बेच कर उससे मिलने वाले पैसों का आपस में बंटवारा करते थे.