क्या किसी अनहोनी की थी आशंका? स्कूल बस के आगे फन काढ़कर खड़ा हो गया सांप, 25 मिनट रोके रखा रास्ता

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक स्कूल बस के आगे सांप ने 25 मिनट तक रास्ता रोककर सबको हैरान कर दिया. बच्चों से भरी बस के आगे फन काढ़कर खड़े सांप के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. यह घटना सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है, जहां लोग इसे चमत्कार या किसी बड़ी अनहोनी का संकेत मान रहे हैं. बच्चों ने भी डर और कौतूहल में ये 25 मिनट बिताए.

सांप ने रोका बस का रास्ता

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बच्चों से भरी एक स्कूल बस के आगे अचानक से एक सांप फन काढ़कर खड़ा हो गया. यह सांप इसी मुद्रा में करीब 25 मिनट तक रहा. इसकी वजह से पहले स्कूल बस के ड्राइवर ने गाड़ी रोकी. फिर देखते ही देखते सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. ठीक 25 मिनट बाद यह सांप अपने आप रास्ता छोड़कर चला गया. इस घटना की चर्चा अब सोशल मीडिया में खूब हो रही है.

कुछ लोग इसे चमत्कार बता रहे हैं तो कोई इसे अनहोनी की आशंका से जोड़ कर देख रहा. मामला औरैया में सहार थाना क्षेत्र के सौथरा मार्ग का है. सोमवार की सुबह सेंट साईं नाथ इंटर कॉलेज दिबियापुर स्कूल की बस रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी. सुबह करीब आठ बजे जैसे ही बस इस मार्ग पर पहुंची, तभी अचानक सड़क के बीचों-बीच एक सांप फन उठाकर खड़ा हो गया. बस चालक ने सांप को देखते ही गाड़ी में ब्रेक लगा दिया और सांप के हटने का इंतजार करने लगा. इतने में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई.

क्या आगे कोई खतरा था?

इस घटना की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है. इस घटना को लेकर तरह तरह की बातें कही जा रही है. कोई इसे चमत्कार बता रहा तो कोई इसे अनहोनी से जोड़कर देख रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक बच्चों की बस के साथ कोई बड़ी अनहोनी होने वाली थी. संभवत: इस सांप ने बस का रास्ता रोककर इसी अनहोनी का संकेत दिया और दुर्घटना को टाल दिया. वहीं कुछ लोग इसे ईश्वरीय चमत्कार बता रहे हैं.

सांप देख थमी रही बच्चों की सांस

घटना के दौरान स्कूल बस में बैठे बच्चों ने भी सांप को बीच सड़क पर सांप को फन काढकर बैठे देखा. इसे देखकर बच्चों के मन में डर बैठ गया. आलम यह था कि पूरे 25 मिनट तक बच्चों की सांसे थमी रही. इस दौरान लोग पूरा माजरा समझ पाते, इससे पहले सांप खुद ही सड़क छोड़ कर चला गया. इसके बाद सड़क के दोनों तरफ रूके वाहन भी धीरे-धीरे कर वहां से निकल गए.

Follow Us