औरैया में अब तेज रफ्तार वालों की खैर नहीं, पुलिस को मिली कैमरा-सायरन से लैस इंटरसेप्टर बुलेट

औरैया में यातायात विभाग को दो इंटरसेप्टर बुलेट बाइक मिली हैं. पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने इन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. ये बाइकें कैमरों और आधुनिक तकनीक से लैस हैं, जो नेशनल हाईवे 19 समेत सभी सड़कों पर तेज रफ्तार और हादसे करने वाले वाहनों पर नजर रखेंगी.

औरैया यातायात विभाग को मिली इंटरसेप्टर: ओवरस्पीड पर लगेगी लगाम Image Credit:

औरैया में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है. यातायात विभाग को दो हाईटेक इंटरसेप्टर बुलेट मिली हैं. कैमरा, सायरन और अन्य तकनीकी उपकरणों से लैस इन बुलेट को पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

पुलिस के मुताबिक, ये इंटरसेप्टर बुलेट खासतौर पर नेशनल हाईवे-19 समेत जिले की प्रमुख सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी करेंगी. इसके जरिए सड़क पर निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने वालों और हादसा कर भागने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी.

यातायात मुख्यालय लखनऊ से मिली इंटरसेप्टर बुलेट

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कार्यालय काकोरी में इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. साथ ही बताया कि यातायात मुख्यालय लखनऊ की ओर से औरैया को दो इंटरसेप्टर मोबाइल उपलब्ध कराई गई हैं. सड़कों पर उतरी इन हाईटेक इंटरसेप्टर की मदद से तेज गति से चलने वाले वाहनों की निगरानी और पहचान आसानी से की जा सकेगी.

उन्होंने यह भी बताया कि इन इंटरसेप्टर बुलेट का इस्तेमाल केवल ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई के लिए ही नहीं, बल्कि सड़क हादसे या किसी वारदात को अंजाम देकर तेज रफ्तार में भागने वाले वाहनों की पहचान में भी किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि तकनीकी निगरानी से ऐसे वाहनों को जल्द ट्रेस करने में मदद मिलेगी.

सड़क हादसों में कमी के साथ ओवरस्पीड पर ब्रेक

जिले में नेशनल हाईवे-19 पर बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है. ऐसे में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए इन इंटरसेप्टर बुलेट को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नई इंटरसेप्टर बुलेट के सड़क पर उतरने के बाद अब ओवरस्पीड वाहन चालकों पर पुलिस की नजर और सख्त होगी.

यातायात विभाग को उम्मीद है कि हाईटेक निगरानी व्यवस्था से सड़क हादसों में कमी लाने के साथ-साथ नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जाएगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us