दिन भर लाइन में खड़ा रहा पति, फिर भी नहीं मिला सिलेंडर; गुस्से में पत्नी ने उठा लिया खौफनाक कदम

उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर की किल्लत से हाहाकार है. औरैया में पति के दिन भर लाइन में लगने के बाद भी सिलेंडर न मिलने पर पत्नी ने गुस्से में आकर आत्महत्या कर ली. घर में झगड़ा होने के बाद पत्नी ने यह खौफनाक कदम उठाया. इस घटना ने गैस संकट की गंभीरता को उजागर किया है, जिससे लोगों के जीवन पर गहरा असर पड़ रहा है.

मामले की जांच करती औरैया पुलिस

उत्तर प्रदेश में गैस का संकट जारी है. इस संकट की वजह से घरों में झगड़े भी हो रहे हैं और लोग सुसाइड भी करने लगे हैं. ऐसा ही एक मामला औरैया में बिधुना कोतवाली क्षेत्र के ताजपुर गांव में देखने को मिला है. यहां एक महिला ने केवल इस बात पर सुसाइड कर लिया कि दिन भर लाइन में लगने के बावजूद उसके पति को गैस सिलेंडर नहीं मिला. एजेंसी से खाली हाथ लौटे पति के साथ महिला का झगड़ा भी हुआ था.

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक मामला सुसाइड का ही है, लेकिन इसकी असली वजह क्या है, इसकी जांच कराई जा रही है. जानकारी के मुताबिक ताजपुर गांव में रहने वाले मोहित की शादी तीन साल पहले 26 वर्षीय युवती रीना के साथ हुई थी. इस दंपति की एक डेढ़ साल की मासूम बेटी ‘मिस्टी’ भी है.

गैस को लेकर हुआ था विवाद

परिजनों के मुताबिक शनिवार को खाना बनाते समय घर में रसोई गैस खत्म हो गई. रीना के कहने पर मोहित सिलेंडर लेकर एजेंसी पर गया और दिन भर लाइन में खड़े होने के बावजूद वह बैरंग लौट आया. घर में उसने पत्नी रीना को बताया तो दोनों में झगड़ा होने लगा.। इसके बाद मोहित सब्जी लेने बाजार चला गया. वहीं रीना घर के ऊपरी कमरे में जाकर दुपट्टे से फंदा बनाकर लटक गई.

देखते ही मचा कोहराम

थोड़ी देर बाद पति मोहित बाजार से लौटा तो उसने कमरे में पत्नी रीना को फंदे से लटके हुए देखा. यह देखकर उसने शोर मचाया. इससे घर में कोहराम मच गया. तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. मामले की जांच कराई जा रही है.

Follow Us