अपनी मम्मी से बात कराओ… औरैया में युवती से UP-112 के सिपाही ने की बदसलूकी, हुआ सस्पेंड

औरैया से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां UP-112 के एक पुलिसकर्मी ने युवती से फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया. ऑडियो सामने आने के बाद आरोपी पुलिसकर्मी पर गाज गिरी है. पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते आरोपी को निलंबित किया और विभागीय जांच के आदेश दिए.

यूपी पुलिस (प्रतीकात्मक तस्वीर)

उत्तर प्रदेश पुलिस महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए मिशन शक्ति और नारी सुरक्षा जैसे अभियानों को लगातार आगे बढ़ा रही है. लेकिन औरैया से सामने आया एक मामला अब सवालों के घेरे में है. सोशल मीडिया पर एक ऑडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यूपी-112 में तैनात एक सिपाही, युवती से अभद्र भाषा का प्रयोग करता सुनाई दे रहा है.

मामला औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है, आरोपी यूपी-112 में तैनात मुख्य आरक्षी का नाम राजेन्द्र सिंह है. बताया जा रहा है कि युवती द्वारा की गई किसी शिकायत के संबंध में पुलिसकर्मी ने देर रात फोन किया था. बातचीत के दौरान उसने युवती से उसकी मां से बात कराने की बात कही. युवती के मना किया तो अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया.

सोशल मीडिया पर नाराजगी के बाद हुआ एक्शन

आरोप है कि पीड़ित युवती द्वारा मां के सोने की जानकारी दिए जाने के बावजूद कथित तौर पर बार-बार बात कराने का दबाव बनाया गया. वायरल ऑडियो में सुनाई देने वाली बातचीत को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई. कई लोगों ने इसे पुलिस की कार्यशैली और संवेदनशीलता से जोड़कर सवाल उठाए. जिसपर अब कड़ा एक्शन हुआ है.

पुलिस अधीक्षक औरैया अभिषेक भारती ने तत्काल प्रभाव से मुख्य आरक्षी राजेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया. साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

अब सबकी निगाहें मामले की जांच रिपोर्ट पर टिकी

पुलिस और जनता के बीच विश्वास बनाए रखना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी आवश्यकता होती है. खासकर महिलाओं से जुड़े मामलों में पुलिसकर्मियों से संवेदनशील और मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है. फिलहाल, अब सबकी निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं. इसका जवाब आने वाले दिनों में जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा.

Follow Us