दुबले दूल्हे को देखकर भड़क गई दुल्हन, स्टेज पर ही बोल पड़ी- इसे नहीं पहनाऊंगी जयमाला, टूट गई शादी

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हुआ. जयमाल के समय दुल्हन ने दूल्हे के दुबले पतले शरीर का हवाला देते हुए शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और पुलिस को बुलाना पड़ा. बाद में पुलिस की मौजूदगी में पंचायत हुई. बावजूद इसके कोई समझौता नहीं हुआ और बारात बिना फेरे लिए वापस लौट गई, जिससे गांव में काफी चर्चा है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा बवाल हुआ. यहां एक गांव में शादी के लिए बारात आई थी. जयमाल की स्टेज सजी थी, स्टेज पर दूल्हा और दुल्हन पहुंचे, तभी ऐसा बवाल हुआ कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान दुल्हन ने भी रौद्र रूप अख्तियार कर लिया. उसने दुबले पतले दूल्हे को जयमाल पहनाने से इनकार कर दिया. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे को बिना शादी के ही बारात लेकर वापस लौटना पड़ा.

मामला शुक्रवार की रात औरैया के दिवरिया गांव का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक इस शादी को लेकर दोनों पक्ष खुश थे. बैंड-बाजा, मेहमानों की भीड़ और रस्मों के बीच सब कुछ सामान्य लग रहा था. इसी क्रम में देर रात करीब 10 बजे जयमाल का कार्यक्रम शुरू हुआ. दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर पहुंचे ही थे कि अचानक पूरा माहौल ही बदल गया. बताया जा रहा है कि दुल्हन के भाई और दूल्हे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई.

देखते ही देखते हो गई मारपीट

अभी लोग कुछ समझ पाते कि दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई. स्टेज पर मची अफरा-तफरी से शादी समारोह में हड़कंप मच गया. इतने में दुल्हन भी खड़ी हो गई. उसने सबके सामने शादी से इनकार कर दिया. कहा कि दूल्हा बहुत पतला-दुबला है. इस दूल्हे के साथ वह शादी करने के अपनी पूरी जिंदगी खराब नहीं कर सकती. दुल्हन के इस ऐलान के बाद दोनों ही परिवारों के होश उड़ गए. काफी समझाने की कोशिश हुई, लेकिन दुल्हन आखिर तक अपनी बात पर अड़ी रही.

पुलिस की मौजूदगी में पंचायत

विवाद बढ़ता देख किसी ने पुलिस को फोन कर दिया. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया. फिर गांव के बुजुर्गों की मौजूदगी में पंचायत भी बैठी. करीब तीन घंटे तक मान-मनौव्वल के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला तो आखिर में रात करीब 2 बजे बारात बिना फेरे लिए ही वापस इटावा लौट गई. पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मामला सिर्फ झगड़े का नहीं, बल्कि शादी को लेकर पहले से चल रही असहमति का भी हो सकता है.

Follow Us