कैसे होती नोटों की गिनती, कौन करता है निगरानी? चढ़ावा चोरी में चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव का खुलासा
चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव ने चढ़ावा चोरी केस में खुद को निर्दोष बताया. कहा कि वह आज तक कभी संतोष दुबे से मिले ही नहीं. ना ही उन्होंने किसी को मंदिर में नौकरी पर रखवाया है. टिन्नू यादव ने कहा कि उनका भतीजा वहां काम करता है, यदि दोषी हो तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए.
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला लगातार गरमाता जा रहा है. इसी बीच चंपत राय के करीबी टिन्नू यादव ने टीवी9 भारतवर्ष के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की. उन्होंने खुद को निर्दोष बताया. कहा कि उनका नाम बेवजह उछाला जा रहा है. कहा कि वह आज तक कभी संतोष दुबे से मिले ही नहीं. ना ही उन्होंने किसी को मंदिर में नौकरी पर रखवाया है. टिन्नू यादव ने कहा कि उनका भतीजा वहां काम करता है, यदि दोषी हो तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए. टिन्नू यादव ने टीवी9 भारतवर्ष के कैमरे के सामने बड़ा खुलासा किया.
कहा कि इस केस में कुछ भी छिपा नहीं है. एसआईटी जांच कर रही है. अब तक एसआईटी ने उनसे कोई पूछताछ नहीं की है. यदि एसआईटी बुलाएगी तो वह जाएंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे. टिन्नू यादव ने कहा कि वह अभी भी रोज मंदिर जाते हैं. उन्होंने चढ़ावे की रकम में गड़बड़ी के मामले में कहा कि रकम की गिनती सीसीटीवी कैमरे के सामने होती है. डोनेशन बॉक्स भी बैंक और ट्रस्ट के लोग खुलवाते हैं. पूरी गिनती स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों की नजर में होती है. इस दौरान 50 लोग होते हैं. इसलिए इसमें कोई गड़बड़ी नहीं हुई है.
उपलब्ध है सीसीटीवी फुटेज
टिन्नू यादव ने कहा कि सारा सीसीटीवी फुटेज है. जो भी कहानियां इस समय मीडिया में चल रही हैं, वो सब मनगढंत हैं. उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें मंदिर में देखना नहीं चाहते. इसलिए दुष्प्रचार किया जा रहा है. जहां तक दान पेटी में गड़बड़ी का सवाल है तो उसका पूरा रिकॉर्ड मंदिर के अकाउंट सेक्शन में उपलब्ध है. इसी क्रम में महिपाल द्वारा लगाए गए आरोपों पर कहा कि वो आरोप आज के नहीं, बल्कि साल 2021 के हैं.
पहले टेंपू चलाते थे टिन्नू
टीवी9 भारतवर्ष से बातचीत करते हुए टिन्नू यादव ने कहा कि उनके भाई की मिठाई की दुकान है. वह खुद पहले पहले टेंपू चलाते थे. वह साल 1993 में वीएचपी में शामिल हुए. इस मामले में उन्हें केवल इसलिए टारगेट किया गया कि वह चंपत राय के करीबी हैं. चंपत राय जो कहते हैं, वो करते हैं. ट्रस्ट में बने रहने के सवाल पर टिन्नू ने कहा कि वह संगठन से जुड़े हैं और संगठन जो भी जिम्मेदारी देगा, वो निभाते रहेंगे.
रिपोर्ट: अभिजीत ठाकुर, लखनऊ
