राम मंदिर प्रबंधन में बदलाव का दौर जारी, CA नरपत डुकिया को मिली संचालन की कमान
राम मंदिर में चंदा चोरी विवाद के बाद प्रबंधन में बड़े बदलाव किए गए हैं. ट्रस्ट ने CA नरपत डुकिया को संचालन प्रमुख नियुक्त किया है. वहीं जगदीश आफले पहले ही सचिव बन चुके हैं. इस बीच आज सीईओ पद के लिए इंटरव्यू हो रहे हैं, जिसमें हजारों आवेदकों में से चयन किया जाएगा.
अयोध्या: राम मंदिर से जुड़े चंदा चोरी मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट मंदिर के प्रशासनिक और प्रबंधन ढांचे में बदलाव कर रहा है. इसी क्रम में अब CA नरपत डुकिया को मंदिर के संचालन और प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है. ट्रस्ट की ओर से 8 अगस्त को जारी पत्र में इसकी जानकारी दी गई है. वहीं, आज CEO पद के लिए इंटरव्यू लिया जाएगा.
ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने नई व्यवस्था के तहत नरपत डुकिया की नियुक्ति की है. उनपर मंदिर की समग्र प्रशासनिक व्यवस्था के समन्वय की जिम्मेदारी होगी. इसके अलावा, उनपर अलग-अलग विभागों के बीच तालमेल, व्यवस्थाओं की निगरानी और ट्रस्ट के फैसलों का प्रभावी तरीके से लागू करने की भी जिम्मेदारी होगी.
आचार्य इंद्रदेव मिश्र को भी मिली जिम्मेदारी
ट्रस्ट ने आचार्य इंद्रदेव मिश्र को नरपत डुकिया का सहयोगी नियुक्त किया है. इंद्रदेव मिश्र अयोध्या स्थित राम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य भी हैं. उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 तक रहेगा. इंद्रदेव मिश्र पर नित्य पूजन, यज्ञ, वैदिक अनुष्ठान और धार्मिक समिति के निर्देश के अनुसार विभिन्न उत्सवों और कार्यक्रमों के संचालन में सहयोग की जिम्मेदारी होगी.
उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी के तौर पर मंदिर की धार्मिक व्यवस्थाओं से जुड़े कार्य सौंपे गए हैं. इस तरह मंदिर की प्रशासनिक और धार्मिक व्यवस्थाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियों के तहत संचालित करने की तैयारी है. इससे पहले मंदिर निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश शंकर आफले को ट्रस्ट का पहला सचिव नियुक्त किया गया था.
CEO चयन की प्रक्रिया भी तेज, आज इंटरव्यू
राम मंदिर ट्रस्ट में प्रबंधन से जुड़े बदलाव के बीच मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO के चयन की प्रक्रिया भी चल रही है. CEO पद के लिए आए आवेदकों का आज इंटरव्यू लिया जाएगा. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पूरी की तैयारियां कर ली है. चयन प्रक्रिया में डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोग शामिल हैं. राम मंदिर परिसर में सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया है.
पिछले दिनों CEO पद के लिए आवेदन मांगे गए थे, इसके लिए 5 हजार से अधिक लोगों ने आवेदन किया है. आफले को सचिव बनाए जाने के बाद अब सभी की नजर मुख्य कार्यकारी (CEO) और प्रवक्ता की नियुक्ति पर लगी है. कहा जा रहा है कि प्रवक्ता की नियुक्ति प्रक्रिया भी फाइनल दौर में है और जल्द ही नाम का ऐलान हो सकता है.
