Insta पर प्यार, फिर लव मैरिज… पति संग पहली बार गई ससुराल; 12 घंटे में आई मौत की खबर
आजमगढ़ में इंस्टाग्राम लव मैरिज के बाद एक नवविवाहिता की ससुराल में रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई. शादी के छह महीने बाद पहली बार ससुराल पहुंची दुल्हन 12 घंटे के भीतर मृत पाई गई. मायके वालों ने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है.
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक हैरान कर देने वाली खबर आई है. यहां शादी के छह महीने बाद पहली बार पति संग ससुराल गई दुल्हन की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है. शुक्रवार की रात में ही उसका पति उसे विदा कराकर मायके से अपने घर ले गया था, लेकिन सुबह होते ही मायके में फोन पर दुल्हन के मौत की सूचना दे दी. इस खबर से मायके में कोहराम मच गया. दुल्हन के पिता ने दूल्हा और उसके घर वालों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या का मामला दर्ज कराया है.
पुलिस के मुताबिक मृत दुल्हन की पहचान आजमगढ़ के सिकरौरा गांव की रहने वाली 22 वर्षीय अस्का के रूप में हुई है. वह इंस्टाग्राम पर रील बनाती थी. इंस्टाग्राम के जरिए ही उसकी पहचान मऊ के डेराघाट (भिखारीपुर) निवासी हरिश्चंद्र चौहान से हुई थी. दोस्ती हुई, प्यार हुआ और फिर इसी साल सात मई 2026 को दोनों ने शादी भी कर ली. हालांकि शादी के बाद भी अस्का अपने मायके में ही रह रही थी.
पहली बार शुक्रवार को हुई विदाई
इस शादी के छह महीने बाद शुक्रवार को हरिश्चंद पहली बार अपनी पत्नी को विदा कराकर अपने घर ले गया. जहां उसकी संदिग्ध परिस्थिति में मौत हुई है. दुल्हन के मायके वालों ने बताया कि इनकी शादी में डबल बेड, कूलर, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और आटा चक्की समेत कई घरेलू सामान दिए थे. इसके बाद हरिश्चंद के परिवार वाले दहेज में एक बाइक और 50 हजार रुपये नगद मांग रहे थे.
भाई ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
अस्का के भाई ने बताया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गला घोंटकर अश्का की हत्या की गई है. इसकी वजह से उसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था. हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने की बात कही है. पुलिस के मुताबिक हरिश्चंद अश्का को शुक्रवार की रात 10 बजे विदा कराकर ले गया, लेकिन अगली सुबह यानी आज शनिवार की सुबह 10 बजे अश्का की मौत हो गई.
आखिर इन 12 घंटों में हुआ क्या था?
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस यह पता करने की कोशिश कर रही है कि आखिर इन 12 घंटों ऐसा क्या हुआ, जिससे अश्का की मौत हो गई. पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कुछ साक्ष्य और सैंपल उठाए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
