CM योगी ने की 1.27 करोड़ हिंदुओं के नाम जोड़ने की मांग, अखिलेश बोले- 25 लाख मिले डुप्लिकेट मतदाता
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पर सियासी घमासान मचा है. सीएम योगी ने 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम छूटे होने का दावा किया, वहीं अखिलेश यादव ने 25 लाख से ज़्यादा डुप्लीकेट मतदाता होने का आरोप लगाया. योगी ने कार्यकर्ताओं से नाम जुड़वाने की अपील की, जबकि अखिलेश ने चुनाव आयोग से सपा को इनाम देने और मुख्य सचिव-डीजीपी को हटाने की मांग की.
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मतदाता सूची को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने की अपील की है. उन्होंने दावा किया कि SIR के दौरान प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से छूट गए. योगी ने इसके लिए हिंदू समाज की उदासीनता को भी जिम्मेदार बताया और कार्यकर्ताओं को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया.
वहीं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर पलटवार किया है. अखिलेश ने दावा किया कि सपा ने 25 लाख से अधिक डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान की है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने डुप्लीकेट वोटरों की पहचान करने पर इनाम देने की बात कही थी, इसलिए अब आयोग को सपा को इनाम देना चाहिए. अखिलेश ने SIR को लेकर बीजेपी पर चुनावी साजिश का आरोप लगाया और प्रदेश के मुख्य सचिव तथा डीजीपी को हटाने की मांग भी की.
योगी बोले- घर-घर जाकर जुड़वाएं नाम
बीजेपी की प्रदेश कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि हिंदू समाज ने वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने को लेकर अपेक्षित जागरूकता नहीं दिखाई. जबकि मुस्लिम समाज ने इस मामले में ज्यादा सक्रियता दिखाई. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इसी वजह से प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से छूट गए. उन्होंने सीतापुर की सहकारनगर सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां बीजेपी 7,434 वोटों से जीती थी, लेकिन SIR के दौरान 17,330 हिंदू वोट कम हुए. जिन 1,253 बूथों पर बीजेपी को जीत मिली थी, वहां भी 6,065 वोट घटे.
मुरादाबाद में भी घटे हिंदू वोटर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद नगर सीट का भी उदाहरण दिया. उन्होंने बताया कि यहां बीजेपी महज 782 वोटों से जीती थी, जबकि SIR के दौरान 5,223 हिंदू वोट कम हुए. इसके अलावा मेरठ दक्षिण, अलीगढ़, बरेली कैंट, धामपुर, फर्रुखाबाद, औरैया, नकुड़, सुल्तानपुर, जौनपुर, पीलीभीत नगर और छिबरामऊ समेत कई सीटों पर हिंदू मतदाताओं के नाम कम होने की बात कही.
नवविवाहिता और प्रवासी मजदूरों के नाम छूटे
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मतदाता सूची से नाम छूटने की तीन प्रमुख वजहें बताईं. उन्होंने कहा कि शादी के बाद कई नवविवाहिताओं के नाम मायके की सूची से कट गए, लेकिन ससुराल की मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं कराया गया. दूसरी वजह काम के सिलसिले में दूसरे शहरों और राज्यों में गए प्रवासी मजदूरों के नाम छूटना बताया.
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम फॉर्म में तो दर्ज हैं, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं. वहीं, करीब 55 लाख लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं, लेकिन उनके नाम मतदाता सूची में नहीं मिले. योगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसे पात्र लोगों की पहचान कर उनके नाम जुड़वाए जाएं.
अखिलेश ने किया पलटवार
मुख्यमंत्री योगी के दावे के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने प्रदेश की मतदाता सूची में 25 लाख से अधिक डुप्लीकेट और फर्जी मतदाताओं की पहचान की है. अखिलेश ने कहा कि पार्टी इन नामों की सूची चुनाव आयोग को सौंपेगी. अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग ने डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कराने पर इनाम देने की घोषणा की थी. अब सपा ने 25 लाख से अधिक ऐसे नाम खोजे हैं, इसलिए आयोग को पार्टी को इनाम देना चाहिए.
SIR को बताया चुनाव लूट की साजिश
अखिलेश यादव ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी इसकी आड़ में चुनावी फायदा उठाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी अखिलेश यादव ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी इसकी आड़ में चुनावी फायदा उठाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA समाज के लोगों के वोट काटे जा रहे हैं. सपा प्रमुख ने प्रदेश के मुख्य सचिव और डीजीपी को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि इनके रहते निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है.
