चीखता रहा मासूम, मगरमच्छ ने जबड़ों में दबोचकर नदी में खींचा; दिल दहलाने वाला Video

बहराइच से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां घाघरा नदी किनारे एक 11 साल के बच्चे को मगरमच्छ ने गहरे पानी में खींच लिया. घंटों चले तलाश अभियान के बाद ग्रामीणों और प्रशासन ने उसका शव बरामद किया. इस दर्दनाक हादसे में बच्चे के एक पैर को मगरमच्छ ने पूरी तर चबा लिया था.

बहराइच: मगरमच्छ के हमले में 11 साल के बच्चे की मौत Image Credit:

बहराइच के बौंडी थाना क्षेत्र में घाघरा नदी किनारे मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. शौच के लिए नदी किनारे गए 11 साल के बच्चे पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया और उसे गहरे पानी में खींच ले गया. कई घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद ग्रामीणों ने देर शाम मासूम का शव बरामद किया गया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, तिकुरी गांव निवासी स्वर्गीय बुधराज सिंह का पुत्र सुनील सिंह अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत गया था. ग्रामीणों के मुताबिक, सुनील खेत से कुछ दूरी पर घाघरा नदी के किनारे शौच के लिए गया था. इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने उसे अपने जबड़ों में दबोचकर खींच ले गया. इस घटना का भयावह वीडियो भी सामने आया है.

मगरमच्छ ने बच्चे के एक पैर को चबा लिया

जानकारी के मुताबिक, मगरमच्छ के हमले के बाद सुनील की चीख सुनकर उसके चाचा विजय राज सिंह मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की. लेकिन मगरमच्छ तेजी से उसे लेकर गहरे पानी में गायब हो गया. घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस व वन विभाग को जानकारी दी गई.

सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. रेंजर मोहम्मद साकिब वनकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने कई घंटे तक संयुक्त रूप से तलाश अभियान चलाया. देर शाम बालक का शव नदी से बरामद कर लिया गया. बताया गया कि मगरमच्छ ने बालक के एक पैर को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया था.

घाघरा नदी किनारे मगरमच्छों को लेकर दहशत

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों ने वन विभाग से घाघरा नदी किनारे मगरमच्छों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है.

Follow Us