बलिया: गंगा में पूजा सामग्री विसर्जित करने गए थे पति-पत्नी, गहरे पानी में डूबे; एक का शव बरामद
बलिया के शिवरामपुर घाट पर बड़ा हादसा हो गया. जहां रुद्राभिषेक के बाद पूजा सामग्री विसर्जित करने गए दंपति गंगा में डूब गए. पत्नी का शव बयासी घाट पर बरामद हुआ है, जबकि पति की तलाश में एनडीआरएफ की टीम जुटी है. पति-पत्नी, बलिया के बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
बलिया में गंगा नदी में स्नान करने के दौरान पति-पत्नी के डूबने से दर्दनाक हादसा हो गया. दोनों घर में हुए रुद्राभिषेक की पूजा सामग्री गंगा में विसर्जित करने के लिए शिवरामपुर घाट पहुंचे थे. इसी दौरान पत्नी गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. उसे बचाने के लिए नदी में उतरा पति भी पानी में समा गया. हादसे के बाद पत्नी का शव बरामद कर लिया गया है.
जानकारी के अनुसार, बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छितौनी फरसाटार निवासी ओम प्रकाश दुबे अपनी पत्नी इंदु देवी के साथ सोमवार शाम बलिया कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट गए थे. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने दोनों की तलाश शुरू कर दी. पत्नी का शव बयासी घाट पर बरामद कर लिया गया, जबकि पति की तलाश जारी है.
बयासी घाट के पास शव नदी में उतराता मिला
पुलिस उपाधीक्षक, सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि दंपति के घर में रुद्राभिषेक की पूजा हुई थी, दोनों पूजा सामग्री को गंगा नदी में विसर्जित करने के बाद वहीं स्नान करने लगे. बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक इंदु देवी गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. पत्नी को डूबता देखकर ओम प्रकाश नदी में उतर गए और दोनों गहरे पानी में समा गए.
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल ने दोनों की तलाश शुरू कर दी. मंगलवार शाम दुबहर थाना क्षेत्र के बयासी घाट के पास एक महिला का शव नदी में उतराता हुआ मिला. पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बाद में परिजनों ने शव की पहचान इंदु देवी के रूप में की.
घाट पर ओम प्रकाश की मोटरसाइकिल भी मिली
DSP सतीश कुमार शर्मा ने यह भी बताया कि शिवरामपुर घाट पर ओम प्रकाश दुबे की मोटरसाइकिल भी मिली है. इसके बाद एनडीआरएफ की टीम उनकी तलाश में गंगा नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. पुलिस के मुताबिक, पति की तलाश जारी है. परिजनों की सूचना और पहचान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
