कैंची धाम जा रहे थे 7 दोस्त, बाराबंकी में हाईवे पर ट्रेलर में जा घुसी इनोवा, 4 की मौत, 3 घायल

बाराबंकी में एक इनोवा कार सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक ट्रेलर के अंदर जा घुसी. कार और ट्रेलर की टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.इस हादसे में 4 दोस्तों ने दम तोड़ दिया. तीन की मौत हो गई.

बाराबंकी सड़क हादसा

बाराबंकी में एक भीषण सड़क हादसे 4 लोगों की मौत की दर्दनाक खबर सामने आई है. इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर तौर पर घायल भी है.यह हादसा हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के भिखरा गांव के पास सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का है.दरअसल, सोमवार और मंगलवार की मध्य रात्रि इनोवा कार में सवार सात लोग उत्तराखंड स्थित कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान तकरीबन 2 बजे रात को सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रेलर में पीछे से इनोवा कार तेज रफ्तार में जा घुसी.

इनोवा के उड़ गए परखच्चे

कार और ट्रेलर की टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक कार की रफ्तार बेहद तेज थी. फिलहाल, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया. हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टर ने उन्हें केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है.

मृतकों के परिजनों में कोहराम

हादसे में राहुल कुमार पुत्र संजय कुमार निवासी मुगलसराय जनपद चंदौली, राहुल सिंह पुत्र अजय प्रताप निवासी गैबीपुर जनपद गाजीपुर, सत्यम सिंह पुत्र स्वर्गीय तेज प्रताप सिंह निवासी रामपुर रसड़ा जनपद बलिया तथा सूरज मिश्रा निवासी निकसपुर थाना सुल्तानपुर की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

घायलों की हालत गंभीर

वहीं, इस हादसे में पंकज पुत्र रमेश सिंह निवासी चुनार जनपद मिर्जापुर, प्रशांत पुत्र अवध बिहारी निवासी बेला जनपद बलिया और चन्दन सिंह पुत्र दशरथ सिंह निवासी चुनार जनपद मिर्जापुर गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल, इन सबका इलाज लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में हो रहा है. सभी की हालत अभी गंभीर बनी हुई है. उधर पुलिस ने इस हादसे की विस्तृत जांच की शुरुआत कर दी है.

Follow Us