UP की पिंकी माली की बारामती विमान हादसे में मौत, फ्लाइट अटेंडेंट थीं; गांव में शोक की लहर

महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की दुखद मौत हो गई. इसमें फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली भी शामिल हैं, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी. पिंकी माली 8 साल से एयर होस्टेस थीं और उनकी शादी सिर्फ चार साल पहले हुई थी.

बारामती विमान हादसे में यूपी की बेटी की मौत

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का बुधवार को अचानक विमान हादसे में निधन हो गया. वह एक चार्टर प्लेन से बारामती जा रहे थे. रन-वे पर लैंड करने से पहले विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें विमान में मौजूद सभी पांच लोगों की मौत हो गई, जिसमें फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की शामिल है. पिंकी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली थी.

पिंकी माली जौनपुर के केराकत तहसील के भैंसा गांव की रहने वाली थी. वह पिछले आठ साल से एयर होस्टेस थी. पिंकी माली के पिता शिव कुमार ने बताया कि, उनकी बेटी ने मंगलवार को ही अजित पवार के साथ होने की जानकारी दी थी. ये पिता के साथ उनकी आखिरी बातचीत थी. बेटी की मौत से परिवार टूट गया है. वहीं, उनके पैतृक गांव में शोक की लहर है.

पिता आजीविका के लिए टैक्सी चलाते हैं

पिंकी माली ने कलीना एयरपोर्ट पर कई विमान ऑपरेट करने वाली कंपनियों के साथ काम किया है. वो सीएम, अजित पवार और एकनाथ शिंदे जैसे वीआईपी नेताओं के साथ निजी जेट फ्लाइट में अटेंडेंट का काम कर चुकी थीं. घटना की जानकारी होते ही पिंकी के गांव में लोग हैरान रह गए. लोगों का कहना है कि पिंकी काफी मिलनसार थीं.

गांव के लोगों के मुताबिक, उनके चाचा शिव कुमार माली हैं, जो चार भाई हैं. शिव कुमार के पिता बाबू राम का पिछले साल निधन हुआ था. पिंकी की शादी भी हो चुकी है. परिवार के सभी लोग मुंबई में रहते हैं. पिंकी के पिता शिवकुमार माली बचपन से ही मुंबई में पले बढ़े हैं. वे राजनीति से जुड़े रहने के साथ ही आजीविका के लिए टैक्सी चलाते हैं.

ढाई महीने पहले ही गांव घूमने आई थी पिंकी

पिंकी माली की शादी को ज़्यादा समय नहीं हुआ था,. नवंबर 2021 में, उसने बस्ती ज़िले के सोविकार सैनी से शादी की थी. पिंकी के अलावा, उसकी दो बहनें और एक भाई है. प्रीति माली उसकी बड़ी बहन है, और करण माली उसका छोटा भाई है, जो अभी पढ़ाई कर रहा है. गांव वालों के मुताबिक, पिंकी मिलनसार थी और ढाई महीने पहले ही गांव आई थी.

Follow Us