AI से छात्राओं की अश्लील तस्वीरें बनाई, कर दी Insta पर पोस्ट; छात्र के खिलाफ पॉक्सो में FIR

बरेली में एक छात्र ने AI का उपयोग कर छात्राओं की अश्लील तस्वीरें बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र पर पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज की है. इस घटना से कई छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हुई है. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और दोषियों को सजा मिल सके.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश में बरेली में एक छात्र की शर्मनाक हरकत सामने आई है. यहां एक नामचीन इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र ने AI की मदद से छात्राओं की अश्लील तस्वीरें बनाईं और इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया. मामला सामने आने के बाद छात्राओं के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक यहां पढ़ने वाले एक छात्र ने अपनी ही क्लास की छात्राओं की तस्वीरें इंस्टाग्राम से डाउनलोड कर उनमें छेड़छाड़ किया. फिर एआई की मदद से इन तस्वीरों को अश्लील रूप दिया और एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर पोस्ट कर दिया. मामला सामने आने के बाद छात्राओं और उनके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दी. इस शिकायत पर बरेली की साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी छात्र के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है.

कई एकाउंट से पोस्ट की तस्वीरें

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने केवल एक छात्रा की नहीं, बल्कि कई अन्य छात्राओं की तस्वीरें भी सोशल मीडिया में डाली हैं. यही नहीं, आरोपी का जब एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हुआ तो उसने दूसरा नया अकाउंट बनाकर फिर वही तस्वीरें पोस्ट करनी शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक सभी पीड़ित छात्राओं की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच है. फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.

फोटो वायरल होते छात्रा ने छोड़ी पढ़ाई

बरेली के ही बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक अन्य छात्रा ने आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल होने पर पढ़ाई छोड़ दी है. 12वीं की छात्रा ने आरोप लगाया है कि गांव का ही एक युवक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है. सोशल मीडिया पर उसकी एडिट की हुई तस्वीरें और रील वायरल कर रहा है. यहां तक कि आरोपी ने कई बार रास्ते में रोककर धमकाने की कोशिश की. शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

आरोपी ने इसलिए की ऐसी हरकत

पीड़ित छात्रा का आरोप है कि भगवतीपुर निवासी सरवन पटेल काफी समय से उसका पीछा कर रहा है. उसने कई बार उसका रास्ता रोका और अपने साथ चलने के लिए दबाव बनाने की कोशिश की. आरोपी की इन हरकतों से छात्रा और उसका परिवार लोग तनाव में आ गए. यहां तक कि बदनामी और डर के कारण छात्रा ने स्कूल जाना भी छोड़ दिया. पीड़िता के मुताबिक आरोपी ने उसकी शादी नहीं होने देने की धमकी दी है.

Follow Us