प्रॉपर्टी विवाद में पूर्व पार्षद की हत्या, चाचा-भतीजों पर आरोप; बेटा बोला- पापा को छत से फेंका

बरेली में पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता की संपत्ति विवाद के चलते छत से फेंककर हत्या का आरोप है. बेटे ने अपने चाचा और चचेरे भाइयों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, और पीड़ित परिवार आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहा है.

प्रॉपर्टी विवाद में पूर्व पार्षद की हत्या

बरेली के किला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां प्रॉपर्टी विवाद में एक पूर्व पार्षद सूर्य प्रकाश गुप्ता की हत्या कर दी गई. मृतक के बेटे ने अपने चाचा और चचेरे भाइयों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. बेटे ने आरोप लगाया है कि उसके पिता के साथ मारपीट की गई और फिर उन्हें छत से नीचे फेंक दिया गया.

सूर्य प्रकाश गुप्ता शहर के जाने-माने व्यापारियों में गिने जाते थे. सिविल लाइंस इलाके में उनका कपड़ों का कारोबार था, जबकि किला क्षेत्र में मेडिकल स्टोर भी है. मृतक के बेटे अंशु गुप्ता का आरोप है कि परिवार में मकान को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. कई बार कहासुनी और विवाद भी हुआ, लेकिन परिवार ने मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने की कोशिश की.

दूसरी मंजिल से पिता को फेंका, जिससे मौत हुई

अंशु गुप्ता का कहना है कि पिछले करीब दो महीनों से उनके पिता को लगातार परेशान किया जा रहा था. आज भी कुछ लोग उनके घर पहुंचे और विवाद किया. पहले घर के नीचे कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला बढ़ता चला गया. आरोप है कि झगड़ा दूसरी मंजिल तक पहुंच गया, जहां उनके पिता के साथ मारपीट की गई और फिर उन्हें छत से नीचे फेंक दिया गया.

इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लोगों ने गंभीर हालत में सूर्य प्रकाश गुप्ता को तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. परिवार का कहना है कि घटना के पीछे सगे चाचा और उनके बेटों का हाथ है. मृतक के बेटे ने सीधे तौर पर अपने चाचा विष्णु गुप्ता और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है.

आरोपियों के एनकाउंटर की मांग कर रहा परिवार

आरोप है कि चाचा और उनके बेटों ने छत से फेंक कर मौत के घाट उतार दिया. पिता की मौत के बाद अंशु गुप्ता का दर्द साफ तौर पर दिखाई दिया. उनका कहना है कि अगर सरकार सभी को न्याय देने की बात करती है तो उनके परिवार को भी इंसाफ मिलना चाहिए. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सीधी एनकाउंटर की मांग की है.

किला थाना पुलिस ने स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पूरे मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिय टीम बना दी है.

Follow Us