पहले झूठ बोलकर रचाई शादी, फिर पति से मांगी 40 लाख की रंगदारी; ऐसे पकड़ी गई खुद को IAS बताने वाली दुल्हन

बरेली पुलिस ने खुद को IAS अधिकारी बताकर शादी करने और फिर पति से 40 लाख की रंगदारी मांगने वाली महिला को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला ने फर्जी दस्तावेज़ों का इस्तेमाल कर पति को धोखा दिया और सच्चाई सामने आने पर ब्लैकमेल करने लगी. पुलिस ने उसे बदायूं से हिरासत में लेकर मामले का खुलासा किया है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश में बरेली पुलिस ने खुद को IAS बताने वाली दुल्हन को अरेस्ट किया है. इस दुल्हन ने झूठ बोलकर शादी रचाई और फिर पति से 40 लाख की रंगदारी मांग रही थी. मामला बरेली में फरीदपुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने आरोपी महिला को बदायूं से अरेस्ट करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी महिला पर पति और उसके परिवार के लोगों को जान से मारने की धमकी देने, धोखाधड़ी करने और ब्लैकमेल कर रंगदारी मांगने के आरोप हैं.

पुलिस के मुताबिक फरीदपुर क्षेत्र के पचौमी गांव में रहने वाले अभिषेक ने करीब 15 दिन पहले अपनी पत्नी साधना और उसके मायके पक्ष के लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी. आरोप लगाया था कि शादी से पहले साधना ने खुद को आईएएस अधिकारी बताया था. उसने अपने दावे को सही साबित करने के लिए कई फर्जी प्रमाणपत्र और सम्मान पत्र भी दिखाए. इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर भी उसने ऐसी तस्वीरें और पोस्ट डाल रखी थीं, जिससे लोग उसे प्रशासनिक अधिकारी समझें.

असलियत सामने आते ही होने लगा झगड़ा

अभिषेक के मुताबिक उसने भरोसा कर साधना से शादी तो कर ली, लेकिन कुछ समय बाद ही उसे पत्नी की असलियत का पता चल गया. इसके बाद दोनों में झगड़े शुरू हो गए. पीड़ित पति का आरोप है कि जब साधना की सच्चाई सामने आ गई तो उसने उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. वह लगातार दबाव बनाकर 40 लाख रुपये की रंगदारी मांगने लगी. पैसे नहीं देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी.

कबूला वारदात

मुकदमा दर्ज होने के बाद फरीदपुर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार किया और पूछताछ की. इस दौरान आरोपी महिला ने पूरी वारदात कबूल लिया है. फरीदपुर के सीओ संदीप सिंह के मुताबिक आरोपी महिला ने बताया कि अभिषेक से पैसे ऐंठने के इरादे से उसने खुद को आईएएस अधिकारी बताया था. आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है.

Follow Us