फोन पर चीख… फिर गायब! महिला लेखपाल संदिग्ध हालत में हॉस्पिटल में क्यों मिली?

बरेली के फरीदपुर तहसील की एक महिला लेखपाल अपने घर से ड्यूटी के लिए निकलीं, लेकिन दोपहर तक नहीं दफ्तर नहीं पहुंची. साथी लेखपाल ने कॉल किया तो एक बार चीखने की आवाज आई और फिर फोन कट गया. दोबारा कई बार कॉल करने पर भी महिला लेखपाल ने फोन नहीं उठाया. ऐसे में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने महिला लेखपाल की तलाश शुरू की.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फरीदपुर तहसील में तैनात एक महिला लेखपाल गुरुवार को सुबह अपने घर से ड्यूटी पर जाने के लिए निकली. वह बरेली में पीलीभीत बाईपास की एक कॉलोनी में रहती है. सुबह करीब 10 बजे वह घर से ऑफिस जाने के लिए निकली थी. लेकिन, जब दोपहर 12 बजे तक वह तहसील नहीं पहुंची तो वहां उसके साथी लेखपालों को चिंता हुई. एक साथी लेखपाल ने उसे कॉल किया. फोन रिसीव होते ही दोनों के बीच एक किसान की जमीन के मुकदमे को लेकर करीब 15 मिनट तक बात हुई. इसी बातचीत के बीच अचानक महिला लेखपाल जोर से चीख पड़ी और फिर फोन कट गया. साथी ने दोबारा कॉल किया, मगर फोन नहीं उठा.

पुलिस को दी सूचना

कई बार फोन करने के बाद भी जब महिला लेखपाल का फोन नहीं रिसीव हुआ तो साथी लेखपाल ने इस बात की जानकारी तहसीलदार सुरभि राय को दी. तहसीलदार कुछ दूसरे लेखपालों के साथ तुरंत फरीदपुर थाने पहुंचीं और वहां के इंस्पेक्टर राधेश्याम को पूरे मामले की जानकारी दी. इसी दौरान महिला लेखपाल का भाई और पति भी थाने पहुंच गए. पुलिस ने तुरंत महिला लेखपाल का मोबाइल सर्विलांस पर लगवाया. सर्विलांस से पता चला कि उसका फोन नवाबगंज इलाके में ट्रेस हो रहा है. इसके बाद तहसीलदार और पुलिस टीम वहां के नवाबगंज थाने पहुंच गई.

हॉस्पिटल में थी भर्ती

नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव को सारी बात बताई गई. पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि महिला लेखपाल बेहोशी की हालत में नवाबगंज के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती है. तहसीलदार और पुलिस टीम वहां पहुंची तो पता चला कि महिला लेखपाल का एक बॉयफ्रेंड है जो पीलीभीत का रहने वाला है. उस युवक ने नवाबगंज में एक कमरा ले रखा था. पुलिस को जानकारी मिली कि महिला लेखपाल उसी युवक से मिलने वहां गई थी. दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ. इसके बाद महिला लेखपाल ने गले में फंदा डालकर आत्महत्या की कोशिश की.

हालत बिगड़ने पर उसका बॉयफ्रेंड उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गया. लेकिन, फोन पर बातचीत के दौरान जो चीख सुनाई दी थी, उससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि युवक ने ही महिला लेखपाल की हत्या करने की कोशिश की हो.

होश में नहीं है महिला लेखपाल

नवाबगंज इंस्पेक्टर अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला लेखपाल अभी होश में नहीं है. उसके होश में आने का इंतजार किया जा रहा है. होश आने पर उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. साथ काम करने वाले लेखपालों ने बताया कि महिला लेखपाल पिछले साल पीलीभीत जिले में तैनात थी. तभी उसकी पहचान पीलीभीत के युवक से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों को प्यार हो गया. युवक से मिलने के लिए ही महिला लेखपाल कई बार नवाबगंज आती थी.

इस बार भी वह युवक से मिलने ही गई थी, लेकिन मामला झगड़े और सुसाइड की कोशिश तक पहुंच गया.
महिला लेखपाल के घरवाले इस घटना से सदमे में हैं. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. फिलहाल, एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी है ताकि, यह साफ हो सके कि यह मामला हत्या की कोशिश का है या महिला लेखपाल ने स्वेच्छा से आत्महत्या की कोशिश की थी. पुलिस ने अस्पताल से भी पूरी रिपोर्ट मंगाई है और महिला लेखपाल के होश में आने पर आगे की कार्रवाई तेज कर दी जाएगी. पुलिस का कहना है कि अभी भी महिला के घरवालों की तरफ से कोई भी लिखित शिकायत नहीं मिली है.

Follow Us