नोएडा एयरपोर्ट पर इस दिन से भर सकेंगे उड़ान, पहली फ्लाइट IndiGo करेगी संचालित
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें शुरू होने की फाइनल डेट आ चुकी है. यहां से पहली फ्लाइट इंडिगो संचालित करेगी, इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगे. यह एयरपोर्ट शुरुआती चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालेगा, जिसका विस्तार 7 करोड़ तक होगा.
ग्रेटर नोएडा के जेवर में नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. यहां से कमर्शियल उड़ानें शुरू होने की तारिख सामने आ गई है. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) और उत्तर भारत के लिए कनेक्टिविटी के एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) ने आज इसकी आधिकारिक घोषणा की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया था. वहीं, अब एयरपोर्ट पर 15 जून 2026 से व्यावसायिक विमान सेवाएं (Commercial Operations) शुरू हो जाएंगी. यहां से पहली फ्लाइट इंडिगो संचालित करेगी, इसके तुरंत बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएं शुरू करेंगे.
एयरपोर्ट ‘नेट जीरो एमिशन’ लक्ष्य पर केंद्रित
ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से ‘एयरोड्रोम सिक्योरिटी प्रोग्राम’ (ASP) की मंजूरी मिल चुकी है, जो यह सुनिश्चित करती है कि एयरपोर्ट के सभी सुरक्षा मानक और परिचालन प्रक्रियाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की हैं. यह एयरपोर्ट प्रारंभिक चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालेगा, जिसका विस्तार भविष्य में 7 करोड़ तक होगा.
BCAS से सुरक्षा मंजूरी मिलने के साथ, यह एयरपोर्ट ‘नेट जीरो एमिशन’ लक्ष्य पर केंद्रित है. यह दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी बढ़ाने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आर्थिक विकास, पर्यटन व निवेश के नए रास्ते खोलेगा. नोएडा एयरपोर्ट (IATA कोड – DXN) आधुनिक टर्मिनल बुनियादी ढांचे और बेहतरीन मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी से लैस है.
इंटरनेशनल फ्लाइट सितंबर से हो सकती है शुरू
नोएडा एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) द्वारा किया गया है, जो ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है. यह परियोजना यूपी सरकार और भारत सरकार के साथ PPP मॉडल के तहत कार्यान्वित की जा रही है. एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट सितंबर 2026 से शुरू हो सकती है.
