प्यार में विनय से बना इमरान, फिर परिवार से दूरी… अब फंदे पर लटका मिला शव
बरेली में विनय से इमरान बने युवक की कहानी प्रेम, धर्म परिवर्तन और पारिवारिक तनाव के चक्रव्यूह में उलझकर समाप्त हो गई. प्रेम विवाह के लिए विनय से इमरान बने युवक ने मौत से कुछ देर पहले इमरान ने अपनी मां को फोन किया था. उसने रोते हुए कहा कि उसने बहुत बड़ी गलती कर दी.
बरेली के कैंट थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक युवक की कहानी प्रेम, धर्म परिवर्तन और पारिवारिक तनाव के चक्रव्यूह में उलझकर समाप्त हो गई. प्रेम विवाह के लिए उसने धर्म बदला, अपना नाम विनय से इमरान रखा, लेकिन आखिर में पत्नी से विवाद और पश्चाताप के बीच उसने फांसी लगाकर मौत को चुन लिया.
विनय से इमरान बने युवक ने करीब चार साल पहले मुस्कान नाम की युवती से प्रेम विवाह किया था. वहीं, मौत से कुछ देर पहले उसने अपनी मां को फोन पर रोते हुए कहा कि उसने बहुत बड़ी गलती कर दी. मुस्कान के लिए धर्म बदला और परिवार से रिश्ता तोड़ लिया, जिसका अब उसे पछतावा हो रहा है. यह उसके जिंदगी के आखिरी शब्द साबित हुए.
मृतक की सास ने बताया- पति-पत्नी में हुआ था विवाद
इमरान ने अपनी मां को फोन पर बात करने के कुछ ही समय बाद आत्महत्या कर ली, उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला. मृतक की सास के मुताबिक, घटना वाले दिन इमरान और उसकी पत्नी मुस्कान के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. झगड़ा इतना बढ़ गया कि मारपीट तक हो गई और इसके बाद मुस्कान अपने मायके चली आई थी.
इमरान (25 वर्षीय), कटिया इलाके में किराए के कमरे में रहता था. शाम को दोनों के बीच फोन पर फिर बातचीत हुई. मुस्कान ने इमरान से कहा कि वह रात की ड्यूटी छोड़ दे, क्योंकि वह बच्चों के साथ अकेली डरती है. लेकिन इमरान ने साफ मना कर दिया और कहा कि घर चलाने के लिए उसे ज्यादा पैसे कमाने होंगे. इसी बात को लेकर दोनों में फिर बहस हो गई.
मां का रिश्ते से इनकार, ससुराल पक्ष करेगा अंतिम संस्कार
मुस्कान ने दोबारा फोन किया तो मोबाइल बंद मिला. शक होने पर वह अपनी मां और बच्चों के साथ कमरे पर पहुंची, जहां इमरान का शव फंदे से लटका मिला. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, घटना के बाद जब उसकी मां को सूचना दी गई, तो उन्होंने अपने बेटे से कोई भी रिश्ता होने से इनकार कर दिया.
मृतक के भाई के अनुसार, धर्म परिवर्तन के बाद उनका उससे ज्यादा संपर्क नहीं था. विनय के इस फैसले के बाद उसके परिवार ने उससे दूरी बना ली थी. उसका परिवार बरेली छोड़कर रामपुर चला गया था. अब ससुराल पक्ष ही उसका अंतिम संस्कार करेगा. इमरान अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियां छोड़ गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
