कातिल ही लगा रहा था फरियाद… पहले भाई को मारी गोली, फिर रपट भी लिखाया; हैरान कर देगा खुलासा

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक खौफनाक हत्याकांड का खुलासा हुआ है. मृतक इन्द्रपाल सिंह को उसके सगे छोटे भाई उमेश पाल सिंह ने प्रेम प्रसंग के चलते गोली मार दी थी. हत्या के बाद आरोपी भाई ने खुद पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई और पड़ोसियों को फंसाने की कोशिश की. पुलिस जांच में सच्चाई सामने आई, जिसके बाद आरोपी भाई गिरफ्तार हुआ और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

बरेली में हत्यारा भाई गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बरेली में एक हत्याकांड का हैरतंगेज खुलासा हुआ है. बरेली में फरीदपुर में बीते 30 अप्रैल को हुए इस हत्याकांड में आरोपी कोई और नहीं, बल्कि खुद मृतक का सगा भाई ही है. इसी भाई ने पुलिस में मुकदमा भी दर्ज कराया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जोरदार पैरवी भी कर रहा था. अब पकड़े जाने पर आरोपी ने इस वारदात की जो वजह बताई है, उसे सुनकर पुलिस ही नहीं, उसके घर वाले भी हैरान हैं.

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान मृतक के सगे छोटे भाई उमेश पाल सिंह के रूप में हुई है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा और दो खोखा कारतूस भी बरामद किया है. यह वारदात 30 अप्रैल की रात फरीदपुर के गांव रायपुर हंस की है. उस रात इस गांव में रहने वाले इन्द्रपाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इंद्रपाल के छोटे भाई उमेश पाल सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अगले दिन थाने पहुंच कर गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था.

जांच में सामने आई सच्चाई

इस घटना के बाद बरेली में हड़कंप मच गया था. एसएसपी ने वारदात के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया था. सर्विलांस टीम, एसओजी, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने अलग-अलग पहलुओं पर जांच की. इसी के साथ मुकदमे में नामजद आरोपियों पर भी नजर रखी जा रही थी. हालांकि जांच आगे बढ़ी तो पता चला कि असली कहानी कुछ और ही है. पुलिस को कुछ ऐसे सबूत मिले, जिससे शक सीधे शिकायतकर्ता उमेश पाल पर जाने लगा. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया.

आरोपी ने कबूला सच

पूछताछ में आरोपी ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब सभी सबूत सामने रखे गए तो उसे टूटने में भी देरी नहीं लगी. उसने जुर्म कबूल करने के साथ ही वारदात की वजह भी बता दी. कहा कि उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करना चाहता था, लेकिन उसका भाई साथ नहीं दे रहा था. इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच काफी समय से तनाव बना हुआ था. यही नहीं, परिवार और समाज में भी काफी बदनामी हो रही थी. इसलिए उसने योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया है.

पड़ोसियों को क्यों फंसाया?

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या करने के बाद उसने खुद को बचाने के लिए गांव के कुछ लोगों को फंसाने की योजना बनाई. उसने खुद थाने जाकर अपने पड़ोसियों के खिलाफ नामजद शिकायत दी. उसने रोने-धोने का झूठा नाटक भी किया, लेकिन पुलिस की जांच में उसकी कलई खुल गई. सीओ अंजना दहिया के मुताबिक आरोपी को अरेस्ट कर मामले की जांच तेज कर दी गई है.

Follow Us