शादी के 8 महीने बाद बुझ गई कामिनी की जिंदगी, पिता बोले- हत्या हुई; पति ने बताया बीमारी
बरेली में शादी के आठ महीने बाद एक नवविवाहिता कामिनी की संदिग्ध मौत हुई है. मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या और उत्पीड़न का आरोप लगाया है, जबकि पति का दावा है कि उसकी पत्नी बीमारी से मरी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की गहन जांच कर रही है.
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शादी के महज आठ महीने बाद एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के अलग-अलग आरोप सामने आने से मामला चर्चा का विषय बन गया है. मृतका के पिता ने बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है. जबकि पति का कहना है कि उसकी पत्नी कई दिनों से बीमार थी.
प्रेमनगर के बानखाना निवासी हरिशंकर ने बताया कि उनकी बेटी कामिनी मौर्य की शादी 1 नवंबर 2025 को इज्जतनगर में विकास मौर्य से हुई थी. उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही कामिनी को ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था. इस बीच समझौते भी हुआ. जिसके बाद कामिनी को वापस ससुराल भेजा था.
पति विकास ने सभी आरोपों को गलत बताया
परिजनों के मुताबिक, शाम को उन्हें फोन पर सूचना मिली कि कामिनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है. इसके बाद परिवार के लोग चिंतित हो गए. जब वे ससुराल पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. मायके पक्ष का आरोप है कि कामिनी की मौत सामान्य नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
दूसरी ओर, मृतका के पति विकास मौर्य ने सभी आरोपों को गलत बताया है. उनका कहना है कि कामिनी एक सप्ताह से बीमार थी और उसका लगातार इलाज कराया जा रहा था. पहले उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल रेफर किया गया. वहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.
हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी- पुलिस
विकास का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था और परिवार पर लगाए जा रहे आरोप पूरी तरह निराधार हैं. उनका कहना है कि बीमारी के कारण ही पत्नी की मौत हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट होगा. यदि जांच में किसी की लापरवाही या अपराध सामने आता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है.
