डांस करती हुई लड़कियों को चुड़ैल बोलने वाले ‘रीलबाज हसन’ को पुलिस उठा ले गई
बरेली में कुछ लड़कियां बारात में बैंड-बाजे की धुन पर डांस कर रही थीं.इस वजह से हसन की कार ट्रैफिक जाम में फंसी हुई थी. आरोप है कि इस दौरान हसन ने लड़कियों का वीडियो बनाते हुए कहा कि देखो कैसे चुड़ैलें डांस कर रही हैं. देखते ही देखते उसका ये वीडियो वायरल हो गया. मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
बरेली में सोशल मीडिया ने एक युवक को जेल पहुंचा दिया. दरअसल, यहां के कंजादासपुर इलाके के रहने वाले हसन खान के खिलाफ हिंदू महिलाओं के डांस वीडियो पर अभद्र टिप्पणी करने की शिकायत हुई थी. इसपर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हसन को गिरफ्तार कर लिया.
बैंड-बाजे की धुन पर कुछ लड़कियां सड़क पर डांस कर रही थीं. इस वजह से हसन की कार ट्रैफिक जाम में फंसी हुई थी. आरोप है कि इस दौरान हसन ने लड़कियों का वीडियो बनाते हुए कहा कि देखो कैसे चुड़ैलें डांस कर रही हैं. उसका ये वीडियो वायरल हो गया, जिससे मामला तूल पकड़ते गया.
पेशे से ड्राइवर है हसन
हसन पेशे से ड्राइवर है, लेकिन सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौकीन है. इससे पहले वह एक यूट्यूब चैनल से भी जुड़ा रहा. यहां उसकी पहचान पुलिसकर्मियों से हो गई थी. इसी दौरान उसे किसी से पुलिस की जैकेट मिल गई थे. इसे ही पहन कर उसने कई बार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर कर चुका है.
मां ने बेटे को माफ करने की लगाई गुहार
हसन की मां ने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि वह कोई अपराधी नहीं है. लेकिन दिखावे और शौक के लिए ये सब करता था. उसकी यही आदत उसके लिए मुसीबत बन गई. उन्होंने भावुक होकर कहा, मेरा बेटा अभी बच्चा है, उससे एक छोटी सी भूल हो गई है. उसे माफ कर दीजिए. उसे इतनी बड़ी सजा देना ठीक नहीं है. वह बहकावे में आकर गलती कर बैठा.
मां ने कहा-बेटे को गलती का है एहसास
हसन की मां सहाना ने कहा कि उसे अब अपनी गलती का एहसास हो चुका है और वह आगे से ऐसा नहीं करेगा. उन्होंने आगे बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है. बेटे के जेल जाने से माली हालत और बिगड़ गई है. हसन के पिता मजदूरी करते हैं. उसी से किसी तरह घर चलता है.
भाई ने कहा-सुधरने का एक मौका दे दो
हसन के भाई फैजान का भी कहना है कि उसके भाई से बड़ी गलती हुई है. लेकिन वह अपनी गलती स्वीकार कर चुका है. उसकी कमाई से परिवार को सहारा मिलता था. ऐसे में उसे एक बार सुधरने का मौका दिया जाए. अगर उसे इतनी बड़ी सजा दी जाएगी तो परिवार के लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी.
