GF करती थी जॉब, बेरोजगार बॉयफ्रेंड को नहीं था पसंद, पहले लवर को घोंटा गला फिर खुद भी दे दी जान

ग्रेटर नोएडा के तुगलपुर गांव में एक कमरे से प्रेमी और प्रेमिका का एक साथ शव मिला है. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक प्रेमी अपनी प्रेमिका द्वारा नौकरी करने से नाराज था. ऐसे में उसने गुस्से में पहले अपनी गर्लफ्रेंड ज्योति का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतारा. फिर खुद ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली.

ग्रेटर नोएडा में बंद कमरे में प्रेमी प्रेमिका के शव मिलने से हड़कंप

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में एक दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है. यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी-प्रेमिका का शव बंद कमरे से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बेरोजगारी, घरेलू कलेश और नौकरी को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या की. फिर खुद फंदे से लटक कर जान दे दी.

मृतक की पहचान गुड्डू पासवान उर्फ गोलू के रूप में हुई है. वह अपनी लिव-इन पार्टनर ज्योति के साथ तुगलपुर में किराए के मकान में रह रहा था. दोनों मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाले थे. तकरीबन 3 साल पहले ग्रेटर नोएडा आकर रहने लगे थे. दोनों की जिंदगी सामान्य चल रही थी. लेकिन पिछले कुछ महीनो से आर्थिक तंगी और आपसी विवाद ने दोनों के रिश्ते में तनाव बढ़ा दिया था.

बदबू से हुआ खुलासा

घटना का खुलासा तब हुआ जब किराए के कमरे से तेज बदबू आने लगी. पड़ोसियों को शक हुआ कि कुछ अनहोनी हुई है. पहले उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. फिर पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो मृतका जमीन पर पड़ी हुई थी, जबकि म्रतक गुड्डू का शव पंखे पर लटका हुआ था.

पुलिस ने दोनों के शवों को कमरे से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ग्रेटर नोएडा के डीसीपी प्रवीन रंजन ने बताया कि ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी .20 दिन पहले उसने काम छोड़ दिया था. मृतक गुड्डू बेरोजगार था. अक्सर इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था. परसों रात भी इन दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई. इसके बाद ही रात में गुड्डू ने पहले अपनी प्रेमिका ज्योति का गला दबाकर उसे मौत के घाट उतारा. फिर खुद ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली.

ज्योति का नौकरी करना गुड्डू को नहीं था पसंद

पड़ोसियों के अनुसार ज्योति का नौकरी करना गुड्डू को नहीं पसंद था. इसी बात को लेकर कहासुनी होती रहती थी. घटना से पहले भी दोनों में विवाद हुआ था. गुड्डू ने गुस्से में आकर कहा था कि तुझे भी नौकरी करने नहीं दूंगा. यही विवाद धीरे-धीरे बढ़ गया और इस वारदात को खूनी अंजाम तक ले गया. लोगों का कहना है कि दोनों अपने आप को पति-पत्नी बताते थे. लेकिन पुलिस जांच में पता चला कि वह आपस में प्रेमी प्रेमिका थे. लिव-इन रिलेशनशिप के तहत किराए के मकान में रह रहे थे. पिछले दो दिन से लोगों को दोनों कहीं दिखाई नहीं दिए थे.

हर एंगल से पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं. डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन का कहना है की प्रथम दृष्टया मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस ने दोनों के परिवार वालों को भी इसकी सूचना दे दी है. फिलहाल इस मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

Follow Us