पहले पिता का मर्डर, फिर खुद थाने आकर लिखाई FIR; बरेली में कातिल बेटे की कहानी
बरेली में बेटे धीरज मिश्रा ने अपने पिता की हत्या कर गांव के तीन लोगों पर झूठी FIR दर्ज कराई थी. हालांकि पुलिस जांच में धीरज की संदिग्ध हरकतों से शक गहराया और जब उससे पूछताछ हुई तो पता चला कि वह खुद ही अपने पिता का कातिल है. आरोपी ने कबूल किया कि उसके पिता की शराब-नशे की लत और झगड़ों से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर सच्चाई उजागर की है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में भुता थाना क्षेत्र में पिता की हत्या का मुकदमा दर्ज कराने वाला बेटा ही कातिल निकला है. मामले की जांच करते हुए पुलिस ने इस शातिर बेटे का पूरा सच दुनिया के सामने ला दिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले अपने पिता की हत्या की थी, फिर खुद ही थाने आकर गांव के तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया था. हालांकि जांच में पूरे मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है.
इस खुलासे के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. इस दौरान गवाहों से भी पूछताछ की गई है. पुलिस ने बताया कि आरोपी बेटे की पहचान धीरज मिश्रा के रूप में हुई है. उसने पुलिस की पूछताछ में जुर्म कबूल लिया है. मामला बरेली के भुता थाना क्षेत्र में गांव सहजनपुर हेतराम का है. पुलिस के अनुसार, एक जून 2025 को धीरज मिश्रा ने अपने पिता कृष्ण कुमार मिश्रा की हत्या की थी. उसने आरोप गांव के गिरजेश, राजू और भूरे पर लगाते हुए तहरीर दी थी. लेकिन पुलिस की जांच में ये तीनों निर्दोष मिले.
ऐसे हुआ शक
पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई तो धीरज की हरकतें संदिग्ध लगीं. इससे पुलिस को शक हुआ. फिर आरोपियों से पूछताछ में भी कुछ बातें ऐसी निकल कर आई, जिनसे पुलिस के शक की पुष्टि हो गई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. इस दौरान थोड़ी सी सख्ती में ही आरोपी ने वारदात कबूल लिया. बताया कि उसके पिता लंबे समय से शराब, स्मैक और नशीले इंजेक्शन के आदी थे. नशे की वजह से वह अक्सर घर में झगड़ा करते थे और परिवार की काफी संपत्ति भी बेच चुके थे. इससे परेशान होकर उसने पिता की जान ले ली.
गुस्से में उठाया खौफनाक कदम
पूछताछ में धीरज ने बताया कि 24 और 25 मई 2025 की रात उसके पिता नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहे थे. इसी दौरान उसका गुस्सा बढ़ गया. उसने घर में रखा एक मोटा डंडा पिता के गले पर रखकर दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद खुद को बचाने के लिए उसने पुलिस को झूठी तहरीर देकर तीन अन्य लोगों को हत्या के मामले में फंसा दिया. इस पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी धीरज मिश्रा को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है.
