उर्स-ए-रजवी: बरेली में 3 दिन ट्रैफिक डायवर्जन, बस अड्डा शिफ्ट; 8 अगस्त को स्कूल भी रहेंगे बंद
बरेली में उर्स-ए-रजवी को लेकर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है. 6 से 8 अगस्त तक शहर में भारी वाहनों पर रोक रहेगी. कई मार्गों पर डायवर्जन लागू होगा. वहीं, पुराना बस अड्डा बंद और सभी बसों का संचालन सेटेलाइट से होगा. इस दौरान शहर के कई स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे.
बरेली में आला हजरत के उर्स-ए-रजवी को लेकर 6 से 8 अगस्त तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी. इन तीन दिनों में शहर के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा, जबकि भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी. पुराना रोडवेज बस अड्डा तीन दिन तक बंद रहेगा. सभी रोडवेज बसों का संचालन सेटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा.
एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है. इसके तहत बरेली में 6 अगस्त की रात से लेकर 8 अगस्त तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा. प्रशासन का कहना है कि लाखों जायरीन के शहर पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को कम से कम परेशानी हो.
भारी वाहनों की नो एंट्री, वैकल्पिक मार्गों को चुनें
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि भीड़ के अनुसार डायवर्जन लागू रहेगा. खासकर छोटे ईसाईयों की पुलिया, गांधी उद्यान, चौकी चौराहा और चौपुला जैसे इलाकों में चार पहिया वाहन, ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर जरूरत के मुताबिक रोक लगाई जाएगी. इन इलाकों में जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा.
उर्स के दौरान दिल्ली, रामपुर, नैनीताल, पीलीभीत और बदायूं की ओर से आने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा. इन वाहनों को बड़ा बाईपास और अन्य निर्धारित मार्गों से निकाला जाएगा. लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन शाहजहांपुर से गंगा एक्सप्रेसवे का उपयोग कर सकेंगे. लखनऊ के लिए दूसरा रास्ता झुमका तिराहा से बड़ा बाईपास होकर है.
रोडवेज बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई
दिल्ली, नैनीताल और पीलीभीत रोड से लखनऊ जाने वाले वाहन फरीदपुर की तरफ भेजे जाएंगे. वहीं बरेली से रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास, मीरगंज और मिलक के रास्ते आगे बढ़ेंगे. आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को परसाखेड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर और रजऊ परसपुर तिराहे से होकर निकाला जाएगा.
रोडवेज बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है. नैनीताल रोड की बसें इज्जतनगर फ्लाईओवर होते हुए रेलवे स्टेशन पार्किंग तक पहुंचेंगी. दिल्ली और रामपुर की तरफ से आने वाली बसों की पार्किंग अलग-अलग स्थानों पर की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उर्स में शामिल होने वाले जायरीन के वाहनों पर यह डायवर्जन लागू नहीं होगा.
8 अगस्त को शहर के सभी स्कूलों में अवकाश
उर्स के दौरान भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के लिए भी विशेष आदेश जारी किए हैं. 6, 7 और 8 अगस्त को शहर के 10 शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा. वहीं 8 अगस्त को नगर क्षेत्र के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, बेसिक शिक्षा परिषद से जुड़े स्कूल, कॉलेज, डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और तकनीकी संस्थान बंद रहेंगे.
हालांकि प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि यदि किसी विश्वविद्यालय या बोर्ड की पहले से निर्धारित परीक्षा है तो वह तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगी. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उर्स के दौरान घर से निकलने से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी जरूर लें और अनावश्यक रूप से भीड़ वाले इलाकों में जाने से बचें.
