सास से झगड़े में 6 साल के बेटे पर उतारा गुस्सा, मां ने अपने ही हाथों ले ली मासूम की जान
उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक मां ने सास से झगड़े के बाद अपने 6 साल के बेटे को पीट-पीटकर मार डाला. बेटे की मौत के बाद पछतावे में मां ने खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया. वह अस्पताल में नाजुक हालत में भर्ती है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसे पारिवारिक कलह का परिणाम बता रही है.
उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां एक मां ने खुद अपने ही हाथों पीट-पीटकर अपने छह साल के बेटे की हत्या कर दी. सास से हुए झगड़े में गुस्साई इस मां को बेटे की मौत के बाद अपनी गलती का एहसास हुआ तो चीखने चिल्लाने लगी और खुद भी अपना गला काट कर सुसाइड का प्रयास किया. गनीमत रही कि चीखपुकार सुनकर घर वाले दौड़े और उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
फिलहाल पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामला बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में हरदी गांव का है. जानकारी के मुताबिक हरदी गांव में रहने वाले संदीप सिंह की पत्नी कीर्ति सिंह का बुधवार की सुबह अपनी सास के साथ झगड़ा हुआ था. इस झगड़े के बाद कीर्ति सिंह अपने 6 वर्षीय बेटे प्रभव को लेकर कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया.
चीखें सुनकर दौड़े घर वाले
थोड़ी ही देर बाद कमरे के अंदर से तेज चीखें सुनाई देने लगीं. शोर सुनकर घरवालों के अलावा आसपास के लोग भी वहां पहुंचे. दरवाजा बंद था, इसलिए लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया. देखा तो अंदर बच्चे का शव पड़ा था. वहीं खुद कीर्ति सिंह भी बुरी तरह जख्मी और खून से लथपथ थी. आनन फानन में कीर्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया है. डॉक्टरों के मुताबिक कीर्ति की हालत नाजुक है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक घर वाले कमरे में पहुंचे तो प्रभव की मौत हो चुकी थी. खुद कीर्ति गंभीर रूप से घायल होकर तड़प रही थी. वह बेटे के शव के पास ही बदहवास हालत में चीख रही थी. माना जा रहा है कि कीर्ति ने गुस्से में आकर अपने ही बच्चे की हत्या की है. उसे इसका पछतावा तब हुआ जब उसने देखा कि उसके बेटे की मौत हो गई है. इसके बाद उसने खुद भी अपना गला काट लिया. सूचना मिलने पर पहुंचे एडिशनल एसपी श्यामाकांत और थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
पारिवारिक कलह में घटना
एएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक कलह के रूप में सामने आया है. हालांकि पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है. यह पता करने की कोशिश हो रही है कि यह आत्मघाती कदम है या इसके पीछे कोई और कारण.अभी तक मृत बच्चे के पिता लापता हैं, इसलिए शक की सुई फिलहाल पिता पर भी जा रही है. पुलिस उनकी तलाश कर रही है.
