बदले की आग में खूनी खेल! बीच सड़क पर अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या, वायरल हुआ वीडियो

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में मुस्तकहम गांव में एक सनसनीखेज वारदात हुई है. पत्नी की आत्महत्या का बदला लेने के लिए पति ने उसके प्रेमी के पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस खौफनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है.

मौके पर पहुंची बस्ती पुलिस

उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र का एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. यहां मुस्तकहम गांव में एक युवक ने एक व्यक्ति की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी. रूह कंपा देने वाली इस वारदात का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि मृतक आरोपी की पत्नी का बॉयफ्रेंड का पिता था. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत की स्थिति बन गई है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पत्नी ने पिछले दिनों सुसाइड कर लिया था. आरोपी का मानना था कि उसकी पत्नी ने अपने प्रेमी की वजह से खौफनाक कदम उठाया था. इसके चलते आरोपी प्रतिशोध की आग में जलने लगा. इसी दौरान बुधवार को राजू अचानक से पत्नी के प्रेमी के घर पहुंच गया. चूंकि प्रेमी वहां मौजूद नहीं था, इसलिए आरोपी ने उसके 50 वर्षीय पिता शमी को ही घर के बाहर खींच कर लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी.

घटना का वायरल हो रहा वीडियो

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. इस वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि आरोपी अधेड़ व्यक्ति को ताबड़तोड़ वार कर रहा है. इस दौरान आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे. किसी ने भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं दिखाई. वहीं कुछ लोग अपने मोबाइल फोन से इस वारदात का वीडियो बनाते रहे. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हुआ है.

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

सरेराह लाइव मर्डर की सूचना मिलते ही कलवारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. एडिशनल एसपी श्यामाकांत के मुताबिक आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है. उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा.

Follow Us