पड़ोसी से था बहू के अवैध संबंध का शक, ससुर ने बेटों संग मिलकर ले ली जान; खूब हुआ बवाल

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अवैध संबंधों के शक में एक खूनी खेल हुआ. यहां एक महिला के ससुर, पति और देवर ने मिलकर पड़ोसी बिट्टू कश्यप की हत्या कर दी. पुलिस ने मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है. उधर, घटना के बाद पीड़ित परिवार ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया है. फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति है.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां अवैध संबंधों के शक में एक खूनी खेल को अंजाम दिया गया है. आरोपियों को शक था कि उनकी बहू के पड़ोसी के साथ अवैध संबंध हैं. इसी शक की वजह से आरोपियों ने पड़ोसी की हत्या कर दी है. मामला मंडावर थाना क्षेत्र के कोहरपुर गांव का है. मृत युवक की पहचान 23 वर्षीय बिट्टू कश्यप के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी सुरेंद्र सिंह चौहान को अरेस्ट कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक वारदात रविवार की सुबह करीब 9 बजे की है. वारदात के वक्त बिट्टू कश्यप अपने चचेरे भाई आशु के साथ गांव की ही एक दुकान पर सामान लेने जा रहा था. बीच रास्ते में पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान और उसके दो बेटों, अनित और नीटू ने उसे रोक लिया और तीखी बहस और गाली-गलौज करते हुए चाकू से गोद कर उसकी जान ले ली. इस दौरान सुरेंद्र के दोनों बेटों बिट्टू को पकड़ रखा था, वहीं सुरेंद्र उसे चाकू से ताबड़तोड़ वार करने लगा. बिट्टू के भाई आशु ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी हमला करते रहे.

अस्पताल ले जाते हुई मौत

वारदात के बाद खून से लथपथ बिट्टू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात बयां कर दी है. पुलिस के मुताबिक पहले इसे जमीनी विवाद या पुरानी रंजिश माना जा रहा था, लेकिन आरोपी के कबूलनामे के बाद पूरा मामला ही बदल गया है. अब पुलिस आरोपी के दोनों बेटों की तलाश कर रही है.

क्या है कहानी?

आरोपी सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि बिट्टू उसके खेतों पर मजदूरी करता था. इसी दौरान वह उसकी बहू के संपर्क में आया और इनके बीच नजदीकियां बढ़ गईं. उन्होंने दोनों को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों मानने को तैयार नहीं थे. रविवार को जब दोनों फिर एक साथ दिखे तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. पहले इस बात को लेकर कहासुनी हुई और फिर सुरेंद्र ने अपने बेटों के साथ मिलकर उसकी हत्या ही कर दी.

गांव में हुआ बवाल

इस हत्याकांड के बाद गांव में तनाव फैल गया. नाराज परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हालात को देखते हुए गांव में भारी संख्या में फोर्स की तैनाती कर दी है. इधर, घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने पलायन की बात कहते हुए अपने घर की दीवारों पर ‘यह मकान बिकाऊ है’ लिख दिया है. आखिरकार रात में आरोपी सुरेंद्र के मकान पर बुलडोजर चलाने के बाद लोग शांत हुए और अंतिम संस्कार किया गया.

Follow Us