मथुरा से बीजेपी का नया चुनावी नारा- ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’, प्रकाश पाल बोले- तीसरी बार सरकार बनी तो बनेगा भव्य मंदिर
बीजेपी ने यूपी 2027 चुनाव के लिए मथुरा से 'राधे-राधे, कमल खिला दे' का नया नारा दिया है. पार्टी श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण का दावा कर रही है. यह नारा ब्रज की आस्था को राजनीतिक संदेश में बदल रहा है, पर रोजगार और महंगाई जैसी चुनौतियां भी होंगी.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी सियासी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. मथुरा में दो दिनों तक चले पार्टी के महामंथन के बाद अब ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को चुनावी अभियान से जोड़ने की तैयारी है. इसी कड़ी में बीजेपी ने नया नारा दिया है- ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’. इस नारे के जरिए पार्टी ने ब्रज की आस्था को अपने चुनाव चिह्न कमल के साथ जोड़ने की कोशिश की है.
बीजेपी सांसद और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस नए नारे की पृष्ठभूमि बताते हुए हमसे खास बातचीत में कहा कि मथुरा और ब्रज क्षेत्र में लोग एक-दूसरे का अभिवादन ‘राधे-राधे’ कहकर करते हैं. यह यहां की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है. इसी स्थानीय पहचान को पार्टी के चुनाव चिह्न के साथ जोड़कर ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया गया.
मथुरा में भी बीजेपी ही मंदिर बनवाएगी
प्रकाश पाल ने बातचीत में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर भी बड़ा राजनीतिक दावा किया. उन्होंने कहा, ”पूरे देश के सनातनियों की इच्छा थी कि अयोध्या, काशी और मथुरा में मंदिर बने. काशी और अयोध्या में मंदिर बन गया है, लेकिन मथुरा बाकी है. मथुरा में भव्य मंदिर बनना है और अगर तीसरी बार सरकार बनती है तो बीजेपी ही मंदिर बनवाएगी.”
प्रकाश पाल के इस बयान से साफ है कि बीजेपी विधानसभा चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं. हालांकि, मथुरा में मंदिर निर्माण को लेकर उनका यह बयान पार्टी नेता का राजनीतिक दावा है.
बीजेपी के दो अन्य नारों का भी जिक्र किया
प्रकाश पाल ने बातचीत में बीजेपी के दो अन्य नारों का भी जिक्र किया. इनमें ‘अबकी बारी बांके बिहारी’ और ‘जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’ शामिल हैं.
इन नारों के जरिए पार्टी ब्रज की धार्मिक आस्था और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति लोगों के भावनात्मक जुड़ाव को राजनीतिक संदेश में बदलने की कोशिश कर रही है. ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के साथ इन नारों को भी चुनावी अभियान में इस्तेमाल किए जाने की तैयारी है.
अयोध्या-काशी के बाद मथुरा पर नजर
बीजेपी की मथुरा बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी चर्चा में रहा. अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के बाद मथुरा को लेकर पार्टी नेताओं के बयान राजनीतिक रूप से अहम माने जा रहे हैं.
मथुरा में हुई दो दिवसीय बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और 2027 के चुनाव की तैयारियों पर भी मंथन हुआ. पार्टी की कोशिश ब्रज क्षेत्र से एक ऐसा राजनीतिक संदेश देने की है, जिसे प्रदेशव्यापी चुनावी अभियान का हिस्सा बनाया जा सके.
2027 में कितना असरदार होगा नया नारा?
बीजेपी के नए नारों में धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक संदेश का मेल दिखाई देता है. पार्टी जहां ब्रज की आस्था को चुनावी अभियान से जोड़ रही है, वहीं श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा भी राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठता दिख रहा है.
हालांकि, 2027 के चुनाव में बीजेपी के सामने रोजगार, महंगाई, किसान, विकास और सामाजिक समीकरण जैसे मुद्दों की चुनौती भी होगी. ऐसे में देखना होगा कि मथुरा से निकला ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा ब्रज से निकलकर पूरे उत्तर प्रदेश में कितना राजनीतिक असर पैदा कर पाता है.
