‘सॉरी मां, जो चाहा, नहीं बन पाया…’, B-Tech छात्र ने क्यों लिखा ये आखिरी संदेश? फिर लगाई फांसी
ग्रेटर नोएडा में एक बीटेक छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. छात्र ने अपनी मां के नाम एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें उसने लिखा कि वह अपनी इच्छाओं को पूरा नहीं कर पाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बीटा-2 थानांतर्गत सेक्टर अल्फा-2 में बीटेक की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने संदिग्ध परिस्थिति में सुसाइड कर लिया. इस छात्र का अपनी मां के नाम लिखा आखिरी संदेश भी बतौर सुसाइड नोट मिला है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस के मुताबिक छात्र का शव पंखे से लटका हुआ था.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस के मुताबिक छात्र के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है. इसमें छात्र ने अपनी मां को संबोधित करते हुए लिखा है कि वो जो चाहता था वैसा नहीं बन पाया. बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार के मुताबिक राजस्थान के बीकानेर निवासी आदर्श सेक्टर अल्फा-2 में रहकर द्रोणाचार्य कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था.
रविवार की रात में मिला शव
पुलिस के मुताबिक रविवार की रात छात्र का शव कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उताकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. अब पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर राजस्थान लौट गए हैं. पुलिस के मुताबिक मौका मुआयना के दौरान पुलिस ने मृतक के पास से एक आधे पेज का सुसाइड नोट बरामद किया है. यह सुसाइड नोट छात्र ने अपनी मां के नाम लिखा है. इसमें बताया है कि वो जो चाहता था, वैसा नहीं बन पाया.
मां से मांगी माफी
छात्र ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि ‘ आप लोगों को अभी तक खूब परेशान करता आया हूं, जाने के बाद भी परेशान करूंगा.’ इसी के साथ उसने अपना टारगेट पूरा नहीं कर पाने के लिए अपनी मां से माफी भी मांगी है. पुलिस के मुताबिक मामला सुसाइड का ही है, लेकिन सुसाइड के कारणों की पड़ताल जारी है. परिजनों ने इस घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं दी है. फिर भी पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है.
