‘इनकी जूठन खाने की आदत है’, राहुल के छात्र संवाद पर बृजभूषण का तंज

कैसरगंज से पूर्व सांसद और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने प्रयागराज में राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम को लेकर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने राहुल गांधी के छात्रों से संवाद करने के फैसले का स्वागत किया, लेकिन साथ ही उन पर तंज भी कसा. बृजभूषण ने कहा कि राहुल गांधी को यह पहल एक-दो साल पहले ही शुरू कर देनी चाहिए थी. उन्होंने पेपर लीक और छात्रों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए.

बृजभूषण शरण सिंह (फाइल फोटो)

कैसरगंज सीट से पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता बृजभूषण शरण सिंह ने प्रयागराज में राहुल गांधी को छात्र संवाद की अनुमति मिलने पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने राहुल गांधी के कदम का स्वागत तो किया, लेकिन साथ ही तंज भी कसा. बृजभूषण ने कहा कि राहुल गांधी को छात्रों से संवाद का यह काम एक-दो साल पहले ही शुरू कर देना चाहिए था. उनके मुताबिक, अब छात्रों की समस्या को लेकर कुछ बचा नहीं है.

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘देखिए, मैं राहुल गांधी के इस कदम का स्वागत करता हूं… छात्रों से संवाद करने जा रहे हैं, लेकिन बहुत देर कर दी उन्होंने… ये काम उनको एक साल, दो साल पहले ही करना चाहिए था… छात्रों की जो समस्या थी, उसको तो ‘कॉकरोच’ लूट ले गई… इस समस्या को जो कॉकरोच पार्टी ने उठाया है, ये समस्या कोई अचानक तो पैदा नहीं हुई थी. राहुल गांधी के समझ में नहीं आया.’

‘अब तो कुछ बचा नहीं’

सवाल पूछते हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, ‘कोई आया हो तो बतावे कि पेपर लीक के प्रकरण पर लोकसभा के अंदर कोई उन्होंने बड़ा वक्तव्य दिया हो, डिबेट रखा हो, चर्चा रखी हो… जब कॉकरोच पार्टी इस समस्या को लूट ले गई और प्रधानमंत्री जी ने, धर्मेंद्र प्रधान जी ने, भारतीय जनता पार्टी ने जितनी डिमांड थी उससे ज्यादा कर दिया, तो अब तो कुछ बचा नहीं… इनकी जूठन खाने की आदत है, लेकिन फिर भी हम उनके इस कदम का स्वागत करते हैं.’

‘मैं झुक जाता तो मसला हल हो जाता’

इससे पहले अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि अगर वह झुक जाते तो विवाद खत्म हो सकता था, लेकिन इससे उनके चरित्र की हत्या हो जाती. उन्होंने कहा, ‘मैं झुक जाता, तो मसला हल हो जाता, लेकिन मेरे किरदार का कत्ल हो जाता.’ महिला पहलवानों से जुड़े आरोपों पर उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाया गया आरोप ‘गुड टच और बैड टच’ से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी की साड़ी खींचने का काम नहीं किया.

बृजभूषण ने कहा, ‘मेडल पहनाते-पहनाते टच हो गया होगा, उसी पर तूफान खड़ा कर दिया.’ उन्होंने अपने ऊपर लगे यौन शोषण के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ देश के 42 बड़े और नामचीन लोग तथा विपक्षी पार्टियां उन्हें दोषी साबित करने में लगी हुई थीं. बृजभूषण शरण सिंह ने यौन शोषण का आरोप लगाकर प्रदर्शन करने वाली महिला पहलवानों पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि इन लोगों ने कैकेयी की तरह उन पर लांछन लगाया.

बृजभूषण ने कहा, ‘इन देवियों ने कैकेयी की तरह लांछन लगाकर मुझे फेमस कर दिया.’ उन्होंने अपने खिलाफ हुए आंदोलन को लेकर भी सवाल उठाए. बृजभूषण ने कहा कि दुनिया में यौन उत्पीड़न के मामले में इतना बड़ा आंदोलन कभी नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ भी ऐसा आंदोलन नहीं हुआ और किसी रेपिस्ट के खिलाफ भी ऐसा आंदोलन नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि अगर लड़ना है तो सामने आकर लड़ना चाहिए.

Follow Us