‘क्या खाक बीजेपी नेता हो…’, पत्नी के ताने पर बिजली उपकेंद्र पर ताला लगाना पड़ा भारी; FIR दर्ज
चंदौली में बीजेपी नेता ने पत्नी की 'ललकार' पर बिजली उपकेंद्र पर ताला लगा दिया था. इस दौरान जमकर हंगामा भी हुआ. एसडीम ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल की मौजूदगी में उपकेंद्र का ताला खुलवाया. वहीं, अब जेई की तहरीर पर बीजेपी नेता समेत दस अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है.
चंदौली के थाना बबुरी में बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष और व्यापार मंडल के जिला मंत्री महेंद्र सेठ को पत्नी की ‘ललकार’ पर बिजली उपकेंद्र पर ताला लगाना भारी पड़ गया. जेई की तहरीर पर रविवार को बीजेपी नेता समेत दस अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. बीजेपी नेता पर सरकारी काम में बाधा और बिजली आपूर्ति बंद करने के आरोप हैं.
दरअसल, बीते दिन बीजेपी नेता ने बबुरी बिजली उपकेंद्र पर पावर कट को लेकर धरने पर बैठ गए थे. इस दौरान बिजली आपूर्ति को लेकर जमकर प्रदर्शन किया गया और उपकेंद्र पर ताला लगा दिया. एक वीडियो भी वायरल हुई थी, जिसमें बीजेपी नेता कह रहे हैं कि उनकी पत्नी ताना दे रही है कि ‘खाक बीजेपी नेता हो, जब बिजली ही नहीं दिला पा रहे.’
काम में बाधा और आपूर्ति बंद करने का आरोप
पत्नी के इसी ललकार की वजह से बीजेपी नेता ने बिजली कटौती के विरोध में विद्युत उपकेंद्र पर ताला लगा दिया था. हालांकि, बाद में मौके पर पहुंचकर एसडीम और अधिशाषी अभियंता ने मोर्चा संभाला. बीजेपी नेता और ग्रामीणों को आश्वासन देकर धरना खत्म कराया गया. और पुलिस बल की मौजूदगी में अधिकारियों ने उपकेंद्र पर जड़ा ताला खुलवाया था.
अब इस मामले में विद्युत उपकेंद्र के जेई की तहरीर पर बीजेपी नेता महेंद्र सेठ उर्फ पप्पू समेत दस अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है. सरकारी कार्य में बाधा डालने और आपूर्ति वाधित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं 121(1), 190 और 221 के तहत एफआईआर दर्ज की है.
न केवल ताला जड़ा, चालू फीडर को भी बंद किया
प्रदीप कुमार यादव अवर अभियंता ने तहरीर में कहा गया कि 21 मई को उपकेन्द्र की सप्लाई 8.50 PM से 10.50 PM तक रोस्टरिंग में थी. केवल एक फीडर ओपोलो सक्रिय था. इस बीच करीब 10:30 बजे बीजेपी नेता समेत 10 बाहरी लोगों ने उपकेन्द्र पर पहुंचकर हंगामा किया और कन्ट्रोल रुम के मेन गेट को ताला लगा दिया.
आरोप है कि न सिर्फ कन्ट्रोल रुम के मेन गेट पर ताला लगाया गया ब्लकि उपकेन्द्र बबुरी के चालू 11 KV अपोलो फीडर को भी जबरजस्ती बन्द कर दिया. इसके कारण रात भर बिजली आपूर्ति वांधित रही. वहीं, बाद में सुबह करीब 10.40 AM बजे अधिकारीयों और पुलिस बल की मौजूदगी में आपूर्ति बहाल कराई गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
रिपोर्ट- विवेक कुमार पिंटू, टीवी9
