चित्रकूट में NEET छात्रा से दरिंदगी, नाबालिग प्रेमी को बंधक बना तीन युवकों ने किया गैंगरेप
चित्रकूट में देवांगना एयरपोर्ट के पास एक छात्रा से कथित गैंगरेप की घटना सामने आई है. आरोपी युवकों ने उसके नाबालिग प्रेमी को बंधक बनाकर मारपीट की और फिर बारी-बारी से दुष्कर्म किया. घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. पुलिस ने मामला की जांच शुरू कर दी है.
चित्रकूट में बुधवार को एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना बहिलपुरवा थाना क्षेत्र स्थित देवांगना एयरपोर्ट के पास की बताई जा रही है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं.
जानकारी के अनुसार, युवती अपने एक मित्र के साथ देवांगना एयरपोर्ट क्षेत्र घूमने गई थी. इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने दोनों को रोक लिया. पहले उसके मित्र को बंधक बनाया और उसके साथ मारपीट की. इसके बाद युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. पीड़ित युवती नीट की छात्रा है और मध्य प्रदेश में रहकर तैयारी करती है.
एयरपोर्ट के आसपास जंगल में तलाश अभियान
घटना के बाद किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद छात्रा के मित्र ने यूपी-112 पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ, स्थानीय थाना पुलिस और एसओजी टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है. एयरपोर्ट के आसपास स्थित जंगल में तलाश की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता और उसके मित्र से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि पीड़ित युवती बालिग जबकि उसका प्रेमी नाबालिग है. पीड़िता और उसके मित्र के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है.
आरोपियों की गिरफ्तार में जुटी पुलिस- एसपी
वही, एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शाम करीब 4 बजे यूपी-112 पर युवती से दुष्कर्म की सूचना मिली थी, पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. जांच में सामने आया कि युवती अपने साथी के साथ जंगल क्षेत्र में गई थी, जहां तीन युवकों ने उन्हें धमकाकर पैसे मांगे और बाद में युवती के साथ दुष्कर्म किया. आरोपियों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है.
