शंकराचार्य के ‘गौ रक्षा’ अभियान में शामिल होगी कांग्रेस, अविमुक्तेश्वानंद से मुलाकात के बाद बोले अजय राय

शंकराचार्य के गौ रक्षा अभियान को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है. अजय राय ने अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाक़ात के बाद यह ऐलान किया. साथ ही डिप्टी सीएम को घेरते हुए कहा कि वह शंकराचार्य को भगवान कहते हैं, काशी आते हैं, लेकिन मिलते तक नहीं.

अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से अजय राय ने वाराणसी में मुलाकात की

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती से ‘गौ रक्षा’ अभियान शुरू कर रहे हैं. इस अभियान को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने गुरुवार को स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाक़ात के बाद यह ऐलान किया. साथ ही कहा कि कांग्रेस धर्म, संस्कृति और संतों के सम्मान के साथ मजबूती से खड़ी है.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी स्थित विद्या मठ में आधे घंटे तक शंकराचार्य से मुलाकात की. इसके बाद मीडिया के बातचीत में अजय राय ने कहा कि शंकराचार्य के इस गऊ रक्षा अभियान में कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता शामिल होगा. संकल्प लेकर कॉंग्रेस पार्टी इस अभियान में शामिल होगी. साथ ही गौ रक्षा के मुद्दे पर सरकार और मंत्रियों को भी घेरा.

डिप्टी सीएम शंकराचार्य को भगवान बताते हैं लेकिन…

अजय राय ने कहा कि शंकराचार्य के साथ हर मुद्दे पर कांग्रेस साथ रही है. गंगा से लेकर प्रतिकार यात्रा तक हम शंकराचार्य जी के साथ उनके हर फैसले में शामिल रहे हैं. अजय राय ने कहा कि गऊ रक्षा के मुद्दे पर सरकार और उनके मंत्री लगातार झूठ बोल रहे हैं. डिप्टी सीएम शंकराचार्य को भगवान बताते हैं लेकिन काशी आते हैं तो विद्या मठ नहीं आते.

उन्होंने डिप्टी सीएम को घेरते हुए कहा, ‘यदि केशव जी, शंकराचार्य जी का सम्मान करते होतें तो वो विद्या मठ में आकर इनसे माफी मांगते. इस सरकार की नीति और मंत्री दोनों के कथनी और करनी में अंतर है.’ साथ ही कहा कि संत, सनातन और भारतीय संस्कृति के सम्मान और मर्यादा की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती और निष्ठा के साथ खड़ी है.

यूपी में गायों की संख्या कम क्यों हो रही हैं? शंकराचार्य

वहीं, अजय राय से मुलाकात पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि मठ में आने पर किसी पर कोई रोक नहीं है और ना ही किसी को गऊ रक्षा के लिए विशेष आमंत्रण दिया गया है. जिसकी भावना और विचारधारा में गऊ रक्षा है वो स्वतः ही इस अभियान से जुड़ते जा रहा है. अजय राय पहले भी विद्या मठ में आते रहे हैं और कई अभियानों से पूर्व में भी जुड़े रहे हैं.

उन्होंने कहा कि गौ सेवा और गऊ रक्षा के प्रति उनका दृष्टिकोण उनको यहां लेकर आया है. अभी भी छह दिन का समय शेष है. सरकार चाहें तो निर्णय ले सकती है. डिप्टी सीएम यदि कहते हैं कि यूपी में कोई गऊ को खरोंच भी नहीं ला सकता तो वो ये बताएं कि यूपी में गायों की संख्या कम क्यूं हो रही हैं? इसलिए सरकार कोई निर्णय ले, नहीं तो हमारा कार्यक्रम तो तय है ही.