गजब हाल है! बच्चे का टूटा था दाहिना हाथ, डॉक्टरों ने बाएं में चढ़ा दिया प्लास्टर; खुलासे पर मचा हड़कंप
देवरिया के महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां एक बच्ची का दाहिना हाथ फ्रैक्चर था, लेकिन डॉक्टरों ने गलती से बाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया. मां द्वारा गलती पकड़ने पर हंगामा मच गया. सीएमएस के हस्तक्षेप के बाद प्लास्टर ठीक किया गया और मामले की जांच के लिए मेडिकल टीम का गठन किया गया है, जिससे कॉलेज में हड़कंप है.
उत्तर प्रदेश के देवरिया स्थित महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां एक छोटी बच्ची घर में गिर कर चोटिल हो गई थी. उसका दाहिना हाथ टूट गया था. परिजन उसे मेडिकल कॉलेज ले आए, जहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल की और फिर बाएं हाथ पर प्लास्टर चढ़ा दिया. थोड़ी देर बाद बच्ची की मां ने डॉक्टरों की गलती पकड़ी, इसके बाद तो मेडिकल कॉलेज में हंगामा ही शुरू हो गया.
पीड़ित परिवार ने तत्काल सीएमएस को शिकायत दी. इसके बाद सीएमएस के निर्देश पर दाहिने हाथ का प्लास्टर काटकर बाएं हाथ पर चढ़ाया गया. इसी के साथ सीएमएस ने मामले की जांच के लिए एक मेडिकल टीम का गठन किया है. इस घटना की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के अंदर और बाहर हड़कंप मच गया. जानकारी के मुताबिक देवरिया के भुजौली कालोनी में रहने वाली अल्पना उपाध्याय अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ मायके आई थी. यहां घर में ही खेलते समय ही बेटी गिरकर चोटिल हो गई.
डॉक्टरों ने बताया था फ्रैक्चर
आनन फानन में परिजन मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग में ले गए. जहां डॉक्टरों ने एक्सरे कराया और दाहिने हाथ में फ्रेक्चर बताते हुए प्लास्टर चढ़ाने को कहा. परिजनों की सहमति पर डॉक्टर बच्ची को अंदर ले गए, लेकिन बाएं हाथ में प्लास्टर चढ़ाकर बाहर ले आए. इसके बाद अल्पना अपनी बेटी को लेकर वहां से घर जाने के लिए निकली. अभी थोड़ी ही दूर चली थी कि उसे ध्यान आया कि फ्रेक्चर तो दाहिने हाथ में हुआ था. वह तुरंत वापस लौटी और मेडिकल कॉलेज में हंगामा शुरू कर दिया.
सीएमएस को दी लिखित शिकायत
इसी क्रम में अल्पना ने मेडिकल कालेज में सीएमएस से मिलकर उन्हें लिखित शिकायत दी. इस शिकायत के बाद सीएमएस ने जांच कराई. इसमें आरोप सही पाए गए. इसके बाद दाहिने हाथ का प्लास्टर काटकर बाएं हाथ पर चढ़ाया गया. इसी के साथ सीएमएस डॉक्टर एचके मिश्र ने मामले की जांच के लिए एक मेडिकल कमेटी का गठन कर दिया. उन्होंने बताया कि कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
