14 साल पहले मर्डर, UP में फरारी काट रहा था छात्र नेता का हत्यारा; नागालैंड में तलाश रही थी राजस्थान पुलिस

14 साल पुराने धौलपुर छात्र नेता मर्डर केस में फरार शूटर रॉबिन को राजस्थान पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है. 14 साल से फरारी काट रहा रॉबिन नाम बदलकर यूपी के हापुड़ में छिपा था. वहीं अब पुलिस से बचने के लिए प्लास्टिक सर्जरी कराने की फिराक में था. धौलपुर पुलिस ने सटीक इनपुट पर कार्रवाई कर उसे हापुड़ से दबोच लिया है.

हापुड़ में पकड़ा गया धौलपुर का बदमाश

राजस्थान के धौलपुर में 14 साल पहले एक छात्र नेता की हत्या के बाद से फरार शूटर रॉबिन को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है. यह शातिर बदमाश सलीम वास्तिक की तरह ही उत्तर प्रदेश के हापुड़ में नाम व पहचान बदलकर छिपा हुआ था. पुलिस से बचने के लिए आरोपी प्लास्टिक सर्जरी कराने की तैयारी में था. इससे पहले सटीक इनपुट पर हापुड़ पहुंची धौलपुर पुलिस ने सिंभावली टोल के पास से अरेस्ट किया है.

अब तक धौलपुर पुलिस इस बदमाश की तलाश नेपाल के अलावा असम, बिहार, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और झारखंड आदि राज्यों में कर रही थी. लेकिन पिछले कुछ समय से इसकी लोकेशन हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर और वाराणसी आदि शहरों में ट्रैस हुई. इसके बाद धौलपुर पुलिस ने पीछा करते हुए इसे शुक्रवार को सिंभावली टोल के पास से अरेस्ट कर लिया. पुलिस के मुताबिक इस बदमाश को एहसास हो गया था कि पुलिस इसका पीछा कर रही है, ऐसे में यह प्लास्टिक सर्जरी की फिराक में था.

2012 की है वारदात

उत्तर प्रदेश से सटे राजस्थान के धौलपुर में 27 दिसंबर 2012 को छात्र नेता नरेश कुशवाह की हत्या हो गई थी. इस वारदात में तत्कालीन बसपा नेता बीएल कुशवाह का नाम सामने आया था. इसी मामले में उन्हें साल 2014 में अरेस्ट कर जेल भी भेजा गया था. वारदात के बाद पूरे राजस्थान की छात्र राजनीति में भूचाल आ गया था. हालांकि की जांच के दौरान पता चला कि नरेश पर गोली रॉबिन सिंह ने चलाई थी. उसी समय से धौलपुर पुलिस इस बदमाश की तलाश कर रही थी.

लगातार बदल रहा था लोकेशन

धौलपुर पुलिस के मुताबिक यह बदमाश लगातार लोकेशन बदल रहा था. वारदात के बाद यह तुरंत नेपाल भाग गया था. वहां करीब 4 साल तक रहा. इस बीच लोकेशन ट्रैस होने पर पुलिस नेपाल पहुंची तो वह भागकर बिहार आ गया. उसके बाद नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और झारखंड आदि राज्यों में घूमता रहा. पिछले कुछ समय से इस बदमाश की लोकेशन यूपी में ट्रैस की जा रही थी. यह कभी हापुड़ तो कभी बुलंदशहर, वाराणसी और गाजियाबाद में घूमता रहा. ऐसे में धौलपुर पुलिस ने भी यहां डेरा डाल दिया. वहीं अब उसे अरेस्ट किया है.

Follow Us