संभल DM ने BSA अलका शर्मा का वेतन रोका! जांच रिपोर्ट में लेटलतीफी पड़ी भारी
संभल के DM अंकित खंडेलवाल ने सरकारी काम में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की है. जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अलका शर्मा का वेतन रोक दिया गया है. उनपर विकास कार्यों की शिकायत की जांच में देरी का आरोप लगा है. DM के एक्शन के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.
संभल में सरकारी काम में लापरवाही के मामले में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने कड़ा रूख अपनाया है. उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अलका शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. निर्धारित समय में जांच रिपोर्ट नहीं सौंपने पर डीएम ने BSA के अगस्त महीने के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने के निर्देश दिए हैं.
मामला पंवासा क्षेत्र के सौधन मोहम्मदपुर में विकास कार्यों से जुड़ी शिकायत का है, जिसकी पड़ताल के लिए BSA अलका शर्मा को जांच अधिकारी बनाया गया था. आरोप है कि उन्हें जांच रिपोर्ट समय पर सौंपने के निर्देश थे, लेकिन वह 30 माह बाद भी उपलब्ध नहीं करा सकें. डीएम के इस एक्शन के बाद शिक्षा विभाग में भी हलचल तेज हो गई है.
DPRO से 2, CDO से 5 रिमाइंडर पत्र भी भेजे
डीएम की ओर से जारी पत्र के मुताबिक, विकास कार्यों की जांच के लिए सबसे पहले 16 दिसंबर 2023 को डिप्टी कलेक्टर और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता को जांच अधिकारी नामित किया गया था. बाद में डिप्टी कलेक्टर का स्थानांतरण होने के बाद BSA अलका शर्मा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई.
BSA अलका शर्मा को जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) कार्यालय में जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट सौंपने थे. रिपोर्ट में शिकायत से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच के साथ जरूरी साक्ष्य भी शामिल करने को कहा गया था. आरोप है कि अब तक DPRO से तीन और CDO कार्यालय से 5 रिमाइंडर पत्र भेजे जा चुके हैं, लेकिन रिपोर्ट का पता नहीं है.
DM ने बताया राजकीय कार्यों में घोर लापरवाही
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने इसे राजकीय कार्यों में घोर लापरवाही बताया है. BSA को अब तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं. वेतन पर रोक अगले आदेश तक जारी रहेगी. अब देखना होगा कि BSA की ओर से जांच रिपोर्ट कब तक सौंपी जाती है और रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है.
डीएम की इस कार्रवाई को सरकारी कामकाज में लेटलतीफी और लापरवाही के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है.
