साधु के वेष में रावण! प्रसाद का लालच देकर 9 साल की बच्ची से रेप, पुलिस ने किया एनकाउंटर
उत्तर प्रदेश के इटावा में प्रसाद का लालच देकर 9 साल की बच्ची से साधु ने दुष्कर्म किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया है. आरोपी के पैर में गोली लगी है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.
उत्तर प्रदेश के इटावा में एक साधु ने 9 साल की बच्ची से रेप किया. सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने एनकाउंटर में आरोपी को धर दबोचा है. मामला इटावा में बलरई थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने मासूम बच्ची को प्रसाद देने का लालच देकर इस वारदात को अंजाम दिया है. आरोपी की पहचान अजब सिंह पुत्र दाताराम निवासी गढ़ी रामधन थाना बलरई के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद किया है.
एनकाउंटर के दौरान उसके बाएं पैर में गोली लगी है. इसलिए फिलहाल उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को पीड़ित बच्ची के पिता ने पुलिस में घटना की जानकारी दी थी.बताया कि उनकी बेटी घर से खेत की ओर जा रही थी. रास्ते में आरोपी ने उसे प्रसाद का लालच देकर उसके साथ हैवानियत की. आरोपी के चंगुल से छूटकर घर पहुंची पीड़िता ने मां-बाप के सामने आरोपी की हैवानियत को बयां किया.
पॉक्सो एक्ट में एफआईआर
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तत्काल आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया. इसके बाद आरोपी की तलाश शुरू की गई. इसी बीच शुक्रवार को मुखबिर से मिले इनपुट पर बलरई थाना पुलिस ने ब्रम्हाणी मंदिर से पीहरपुर खारजा नहर पुल होते हुए यमुना नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर आरोपी की घेराबंदी की. खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने अपने बचाव के लिए फायरिंग की, लेकिन पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया.
इलाज के बाद होगी पेशी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है. इसलिए उसे फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इलाज के बाद उसे कोर्ट में पेशकर जेल भेजा जाएगा. उन्होंने बताया कि इस मामले में जल्द से जल्द चार्जशीट कोर्ट में दाखिल करते हुए मजबूत पैरवी की जाएगी, ताकि आरोपी को कठोर से कठोर सजा मिल सके.
