सोया था झोपड़ी में, अगली सुबह गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव; बहराइच में तेंदुए के हमले से किसान की मौत

बहराइच में एक तेंदुए ने झोपड़ी में सो रहे किसान जयराम पर हमला कर उन्हें मार डाला. तेंदुआ किसान को गन्ने के खेत में घसीट ले गया, जहां उसका अधखाया शव मिला. इस वीभत्स घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है.

बहराइच में नरभक्षी तेंदुए का हमला

उत्तर प्रदेश के बहराइच में सोमवार को एक बार फिर तेंदुए ने एक किसान की झोंपड़ी में दबे पांव घुसकर हमला किया. तेंदुआ झोपड़ी के अंदर चारपायी पर सो रहे किसान को जबड़े में दबाकर घसीटते हुए पास में लगे गन्ने के खेत में ले गया, जहां बड़े इत्मीनान ने शव का ज्यादातर हिस्सा खा गया. लोगों को घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह हुई. इसके बाद परिजनों और पड़ोसियों ने तलाश कराई तो किसान का अधखाया शव खेत में मिला.

इस घटना से पूरे इलाके में दहशत की स्थिति बन गई है. मामला बहराइच के कतरनियाघाट इलाके में सुजौली थाना व वन रेंज के ग्राम पंचायत चफरिया के ओरी पुरवा का है. स्थानीय लोगों के मुताबिक तेंदुए के हमले में 43 वर्षीय किसान की मौत हो गई है. किसान की पहचान सरयू नहर के किनारे फूस की झोपड़ी में सो रहे जयराम पुत्र जमुना के रूप में हुई है.

100 मीटर दूर मिला शव

स्थानीय लोगों के मुताबिक तेंदुआ करीब 100 मीटर दूर तक किसान को घसीटते हुए ले गया. सुबह जब लोग खेतों की ओर गए तो उन्हें अधखाया शव मिला. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस और वन विभाग को दी गई. घटना की जानकारी होते ही इस गांव में नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में भी दहशत की स्थिति बन गई. परिजनों के मुताबिक जयराम पिछले आठ वर्षों से नहर किनारे इस झोपड़ी में अकेले रहते थे. वह दिन में गांव में चले जाते थे, लेकिन रात के समय इसी झोपड़ी में आकर सोते थे.

दो महीने पहले भी हुई घटना

जानकारी के मुताबिक दो माह पहले भी तेंदुए ने इसी स्थान पर एक बुजुर्ग महिला की जान ली थी. लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में दहशत की स्थिति बन गई है. ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पिंजरा लगाकर इस नरभक्षी तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है. डीएफओ कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित के मुताबिक तेंदुए के पदमार्क की पहचान कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को अभी ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी गई है. बाकी मुआवजे का भुगतान भी जल्द कराया जाएगा.

Follow Us