प्रेम प्रसंग में जहरीली कोल्डड्रिंक से हत्या, देवर की मौत; भाभी ने पति-जेठ पर लगाए आरोप
इटावा में जहरीली कोल्डड्रिंक पीने से देवर की मौत हो गई, जबकि भाभी अस्पताल में भर्ती है. वहीं, पीड़ित भाभी ने अपने पति और जेठ पर कोल्डड्रिंक में जहर मिलाने का आरोप लगाया है. यह घटना देवर और भाभी के प्रेम संबंध के चलते हुई, जिससे पति नाराज था.
इटावा के ऊसराहार थाना क्षेत्र के सौथना गांव में रविवार जहरीली कोल्डड्रिंक पीने से देवर-भाभी की हालत बिगड़ गई. जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने 34 वर्षीय गुलाब सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी चचेरी भाभी 38 वर्षीय ममता का उपचार चल रहा है. हालत में सुधार के बाद ममता ने अपने पति महावीर सिंह और जेठ नरेश पर कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है.
पति को शराब का आदी बताया
सौथना गांव निवासी ममता की शादी करीब 14 वर्ष पहले महावीर सिंह से हुई थी. ममता के अनुसार महावीर शराब पीने का आदी है और कोई काम नहीं करता था. चार बच्चों के भरण-पोषण और घर के खर्च के लिए पैसे नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था. इसी दौरान ममता के पति के चचेरे भाई गुलाब सिंह से उसके प्रेम संबंध हो गए.
ममता के अनुसार गुलाब सिंह उसका और उसके चार बच्चों का भरण-पोषण करता था. प्रेम संबंध होने के बाद वह गुलाब सिंह के साथ अपने पति के घर में ही रहने लगी थी. दोनों के एक साथ रहने की जानकारी महावीर को थी और वह इससे नाराज रहता था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है.
शाम को दोनों ने पी थी कोल्डड्रिंक
रविवार शाम करीब पांच बजे ममता और गुलाब सिंह ने कोल्डड्रिंक पी. इसके बाद दोनों की हालत अचानक बिगड़ गई. ममता को उल्टियां होने लगीं, जबकि गुलाब सिंह की हालत ज्यादा गंभीर हो गई. परिजन दोनों को सरसईनावर सीएचसी लेकर पहुंचे. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया.
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. ओमकांत राजपूत ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद गुलाब सिंह को मृत घोषित कर दिया. वहीं ममता को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया. डॉक्टर के अनुसार महिला और उसके देवर को अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था. परिजनों ने कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की बात बताई है.
पति और जेठ पर हत्या के गंभीर आरोप
इलाज के दौरान हालत में सुधार होने पर ममता ने आरोप लगाया कि उसका पति महावीर अपने भाई नरेश के साथ उसके घर आया था. दोनों ने उसे और गुलाब सिंह को कोल्डड्रिंक पिलाई. ममता के मुताबिक कोल्डड्रिंक पीने के बाद दोनों की हालत बिगड़ी. गुलाब सिंह बाहर जाकर लेट गया और बाद में उसकी मौत हो गई.
गुलाब सिंह की मां ने भी महावीर और नरेश पर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि गुलाब पिछले करीब एक साल से ममता और उसके बच्चों की देखभाल कर रहा था. इसी बात से महावीर नाराज रहता था. परिवार का आरोप है कि रविवार को दोनों भाइयों ने कोल्डड्रिंक में कुछ मिलाकर गुलाब और ममता को पिला दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज- पुलिस
ऊसराहार थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा ने बताया कि दोनों के जहरीला पदार्थ पीने की सूचना मिली थी. घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार दोनों के अलग-अलग तरीके से जहरीला पदार्थ खाने की बात भी सामने आई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
