‘उनकी’ संगत में मति फिर गई है, इलाज होगा… राजभर के लिए ये क्या बोल गए शिवपाल?

सपा महासचिव शिवपाल यादव ने ओमप्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजपा की संगत में राजभर की मति फिर गई है और उन्हें 'ठोस इलाज' की जरूरत है. शिवपाल ने भगवान श्रीकृष्ण के मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यह बयान दिया. उन्होंने RLD और नीली ड्रेस जैसे अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी राय रखी और 2027 में सपा सरकार बनने का दावा किया.

सपा नेता शिवपाल यादव

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बुधवार को इटावा के पक्का तालाब स्थित जागेश्वर मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी और छठी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और भगवान की विधि विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की. कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के ट्वीट को लेकर पूछे एक सवाल पर शिवपाल ने कहा कि बीजेपी की संगत में उनकी मति फिर गई है. उनका इलाज होगा, ठोस इलाज होगा.

सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि हम सभी भगवान श्रीकृष्ण को मानने वाले लोग हैं. भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना सभी को करनी चाहिए. उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजा की और भगवान का आशीर्वाद लेकर प्रसाद ग्रहण किया है. भगवान श्रीकृष्ण की पूजा करने से छल प्रपंच करने वालों से लड़ने के लिए ताकत मिलती है. इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने भी उनका भव्य स्वागत किया.

राजभर पर शिवपाल का हमला

ओमप्रकाश राजभर के अहीर और जहीर वाले ट्वीट को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने पलटवार किया. कहा कि ओमप्रकाश राजभर भाजपा में जाने से पहले प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते थे. अब वह भाजपा के साथ हैं और भाजपा वालों की संगत में उनकी बुद्धि फिर गई है. उन्हें इलाज की जरूरत है. कहा कि समय आने पर उनका भी इलाज होगा और ठोस इलाज होगा.

आरएलडी बयान पर मांगा स्पष्टीकरण

आरएलडी प्रवक्ता की ओर से लगाए गए आरोपों से जुड़े सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पहले यह बताया जाए कि किसके बारे में कहा गया है. कौन आरएलडी नेताओं के चक्कर लगा रहा है और कौन अपने बेटे-बहू को विधायक बनाना चाह रहा है, यह स्पष्ट किया जाए. इसके बाद ही इस तरह के बयानों पर बात की जा सकती है. वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा के गठबंधन को लेकर कहा कि इस संबंध में फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा.

नीली ड्रेस पर भाजपा को घेरा

समाजवादी पार्टी की यूथ विंग के नीले रंग की ड्रेस को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यह तो अच्छी बात है. उन्होंने दावा किया कि नीले रंग को देखकर भाजपा के लोग बौखला गए हैं. उन्हें अपना जनाधार खिसकता नजर आ रहा है. इसलिए बौखलाहट में वो कुछ भी बोल रहे हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है. इसका आभाष अब उन्हें भी हो गया है.

Follow Us