आधी रात ससुराल में घुसा बहनोई, सो रहे 5 लोगों पर बांके से हमला, भीड़ ने पकड़कर कर दी हत्या
फतेहपुर में एक ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई, जिसने पूरे गांव को दहला दिया. देर रात ससुराल में सो रहे पांच लोगों पर बहनोई ने बांके से हमला कर दिया. पारिवारिक विवाद के चलते यह घटना हुई. वहीं, शोर सुनकर ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा और पिटाई से उसकी मौत हो गई.
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में बुधवार देर रात साले और बहनोई के बीच चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया. ससुराल में सो रहे पांच लोगों पर बहनोई ने कथित तौर पर बांके से हमला किया. अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आरोपी बहनोई को पकड़ की पीट-पीट कर हत्या कर दी.
पूरा मामला औंग थाना क्षेत्र के बीकमपुर गांव की है. आशापुर गांव निवासी पवन विश्वकर्मा बुधवार शाम लगभग चार बजे अपनी ससुराल बीकमपुर गांव आया था. पवन का अपनी पत्नी और ससुराल के लोगों से विवाद चल रहा था. इसी वजह से वह ससुराल वालों से रंजिश मानता था. बुधवार रात करीब दो बजे पवन ने घर में सो रहे लोगों पर बांके से हमला कर दिया.
भीड़ का पिटाई में आरोपी बहनोई की मौत
बताया जा रहा है कि देर रात घर के लोग सो रहे थे. इसी दौरान पवन ने कथित तौर पर बांका निकाल लिया और सो रहे लोगों पर हमला कर दिया. हमले में प्रदीप (20), राजेश, पुष्पा, राजकरण (22) और गोरे (18) घायल हो गए. अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई. घायलों की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण भी दौड़कर मौके पर पहुंचे.
शोर सुनकर पहुंची भीड़ ने इसके बाद आरोपी बहनोई को पकड़ लिया. आरोपी पवन की फिर लोगों ने जमकर पिटाई कर दी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. पुलिस ने आरोपी सहित सभी घायलों को अस्पताल भेजा, जहां पवन की मौत हो गई. जबकि घायलों को कानपुर रेफर किया है.
एसपी भी पहुंचे, गांव में दहशत का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. एसपी अभिमन्यु मांगलिक समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. अब पुलिस के सामने दो बड़ी गुत्थियां हैं, आखिर पवन ने आधी रात हमला क्यों किया और ग्रामीणों की पिटाई के बाद उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई?
घटना के बाद बीकमपुर गांव में तनाव और दहशत का माहौल है. पुलिस गांव में स्थिति पर नजर बनाए हुए है. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि घायलों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
