मंगेतर को बंधक बनाकर युवती से दरिंदगी, 4 दिन बाद हुआ एक्शन; कोतवाल सस्पेंड
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में मंगेतर को बंधक बनाकर एक युवती से गैंगरेप किया गया. पुलिस ने शुरू में मामला दर्ज करने में लापरवाही बरती, लेकिन एसपी के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई हुई है. इस लापरवाही के चलते खागा कोतवाल को निलंबित कर दिया गया है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है.
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक वारदात हुई है. यहां मंगेतर संग रिश्तेदारी में जा रही एक युवती को तीन युवकों ने रोक लिया. इसके बाद आरोपियों ने मंगेतर के साथ बुरी तरह से मारपीट की और फिर उसके सामने ही तीनों ने युवती के साथ गैंगरेप किया. यही नहीं, आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाते हुए वायरल करने की धमकी देते हुए दोनों को मुंह बंद रखने की चेतावनी दी.
बड़ी बात कि आरोपियों के चंगुल से छूटकर थाने पहुंचे दोनों पीड़ितों ने पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय खानापूर्ति कर उन्हें चलता कर दिया. थकहार कर पीड़िता ने सोमवार को जिला मुख्यालय आकर एसपी अभिमन्यु मांगलिक से न्याय की गुहार लगाई. उन्हें अपना दर्द बताया. इसके बाद एसपी ने थाना पुलिस को तत्काल मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई का आदेश दिया. वहीं मामले में लापरवाही बरतने पर कोतवाल को सस्पेंड कर दिया है.
24 अप्रैल की है वारदात
जानकारी के मुताबिक 24 अप्रैल की है. पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया है कि वह अपने मंगेतर के साथ बाइक से एक रिश्तेदारी में जा रही थी. रास्ते में एक सुनसान स्थान पर आरोपियों ने उन्हें घेर लिया. विरोध करने पर आरोपियों ने उसके मंगेतर के साथ मारपीट की और उसे बंधक बना लिया. इसके बाद आरोपियों ने मंगेतर के सामने ही बारी बारी उसका रेप किया. पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने इस पूरी वारदात की मोबाइल फोन में वीडियो भी बनाया है. आरोपियों ने धमकी दी है कि उनके मुंह खोलने पर वीडियो वायरल कर दिया जाएगा.
नप गए खागा कोतवाल
पीड़िता के मुताबिक मामला खागा कोतवाली क्षेत्र का है. उसने सबसे पहले खागा कोतवाल से मिलकर उन्हें शिकायत दी थी, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की तो कप्तान को शिकायत दी. इसके बाद मुकदमा दर्ज हो सका है. इसी क्रम में कप्तान ने खागा कोतवाल को लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड किया है. उधर, मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देकर दो आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम घोषित किया है.
