‘साहब! मैंने उसका गला घोंट दिया है…’ लिव-इन पार्टनर की हत्या कर थाने पहुंचा प्रेमी, बताई ये वजह

फतेहपुर में एक लिव-इन पार्टनर ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी है. आरोपी प्रेमी विजय कुमार रैदास ने खुद थाने जाकर सरेंडर किया और पुलिस को बताया कि उसकी प्रेमिका अब किसी और के संपर्क में आ गई थी, इसलिए उसने झगड़े के दौरान उसका गला घोंट दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है. यह घटना गाजीपुर थाना क्षेत्र की है.

फतेहपुर में लिव-इन पार्टनर की हत्या

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंट कर हत्या कर दी है. वारदात के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर घटना की जानकारी और सरेंडर कर दिया. आरोपी का कबूलनामा सुनकर पहले तो पुलिस भी हैरान रह गई, फिर मौके पर पहुंचकर युवती का शव बरामद किया है. इस संबंध में पुलिस ने युवती के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया है. वारदात फतेहपुर के गाजीपुर थाना क्षेत्र में बहादुरपुर गांव की है.

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान बहादुरपुर गांव में रहने वाले विजय कुमार रैदास के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक मृत युवती की पहचान असोथर थाना क्षेत्र के कैथन पुरवा गांव की रहने वाली ललिता के रूप में हुई है. कुछ वर्ष पहले उसकी शादी थरियांव थाना क्षेत्र के नयापुरवा गांव में रहने वाले युवक से हुई थी. हालांकि शादी के बाद इनके बीच विवाद हुआ और ललिता अपने पति को छोड़कर अलग रहने लगी.

दो साल से लिव-इन में थी ललिता

पुलिस के मुताबिक पति से अलग होने के बाद ललिता विजय के संपर्क में आई और फिर दोनों लिव-इन में रहने लगे. कहा तो यह भी जाता है कि विजय के ललिता के साथ पहले से ही संबंध थे. संभवत: इसी वजह से ललिता का पति के साथ विवाद भी हुआ था. एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक प्राथमिक जांच में पाया गया है कि ललिता और विजय करीब दो साल एक साथ रह रहे थे.

सामने आई वारदात की वजह

आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि युवती का उससे मन भर गया था और वह किसी और के संपर्क में भी थी. शुक्रवार की दोपहर उसने खुद किसी अन्य युवक के साथ उसे मोबाइल पर अश्लील बातचीत करते सुना. इसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई और झगड़े के दौरान उसने युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी. इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लिलौली थाने पहुंचा और खुद को सरेंडर कर दिया. इसके बाद लिलौली थाना पुलिस की सूचना पर पहुंची गाजीपुर थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Follow Us